Jharkhand News: उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता के निर्देश पर जिला खनन टास्क फोर्स ने बालूमाथ थाना क्षेत्र में अवैध कोयला उत्खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। एसडीओ अजय रजक के नेतृत्व में की गई छापेमारी में बालू पंचायत के घुटाम क्षेत्र स्थित 12 नंबर खदान के पास बड़े पैमाने पर अवैध उत्खनन के निशान मिले। टीम ने गहरे गड्ढों से निकाले गए करीब 720 टन अवैध कोयले को जब्त कर बालूमाथ थाना को सौंप दिया।
गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई
टीम ने हरैयाखांड में भी छापेमारी की, हालांकि वहां से कुछ बरामद नहीं हुआ। एसडीओ अजय रजक ने बताया कि उपायुक्त को गुप्त सूचना मिली थी कि घुटाम क्षेत्र में अवैध उत्खनन चल रहा है। सूचना की पुष्टि होने के बाद टास्क फोर्स गठित कर तुरंत कार्रवाई की गई। अवैध उत्खनन में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और सभी के खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा। साथ ही जिस जमीन पर अवैध उत्खनन हुआ है, उसके मालिक को भी चिह्नित करने का निर्देश दिया गया है।
डीएमओ नदीम शफी की चेतावनी
इस अभियान में बालूमाथ एवं हेरहंज के सीओ, खान निरीक्षक पद्मलोचन पोद्दार और बालूमाथ थाना पुलिस टीम सहित जिला प्रशासन व पुलिस बल मौजूद रहे। डीएमओ नदीम शफी ने स्पष्ट किया कि जिले में कोयला सहित किसी भी खनिज का अवैध उत्खनन व परिवहन किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
गौरतलब है कि 17 मार्च 2025 को भी इसी स्थान पर अवैध उत्खनन पकड़ा गया था और बालूमाथ थाना कांड संख्या 26/25 के तहत कार्रवाई की गई थी।












