Ranchi: राजधानी रांची के बुढ़मू थाना क्षेत्र के चायां साठीतारी टोला में वृद्ध महिला की धारदार हथियार से हुई हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई से हत्याकांड की जांच में अहम सफलता मिली है।
डीएसपी खलारी राम नारायण चौधरी के नेतृत्व में गठित विशेष जांच दल (SIT) ने मानवीय सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अभिराम नायक (45) को गिरफ्तार किया। वह चायां, बुढ़मू का निवासी बताया गया है।
लोहे का दाबी, खून लगा गमछा भी बरामद
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया करीब 2.5 फीट लंबा लोहे का दाबी बरामद किया गया है। पुलिस ने इस पर खून के निशान होने की बात कही है। इसके अलावा एक खून लगा गमछा भी बरामद किया गया है।
साठीतारी टोला में वृद्ध महिला की हत्या के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए आरोपी तक पहुंचने के लिए स्थानीय स्तर से मिली सूचनाओं के साथ तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लिया।
पुलिस अब मामले में हत्या के कारण और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.












