Middle East Crisis: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच ओमान के तट के पास भारतीय क्रू वाले जहाज MT जलवीर पर गुरुवार को हमला होने की खबर सामने आई है। हमले के बाद जहाज में आग लग गई, जिससे क्षेत्र में चिंता बढ़ गई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हमला किसने किया, लेकिन घटना ने अंतरराष्ट्रीय समुद्री सुरक्षा और भारतीय नाविकों की सुरक्षा को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना के बाद ओमान स्थित भारतीय दूतावास ने कहा कि वह स्थानीय प्रशासन और संबंधित एजेंसियों के संपर्क में है। दूतावास लगातार हालात पर नजर रख रहा है और भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की कोशिश कर रहा है।
एक हफ्ते में दूसरा हमला
यह इस सप्ताह दूसरा मामला है जब भारतीय क्रू वाले जहाज को निशाना बनाया गया है। इससे पहले होर्मुज स्ट्रेट के पास तेल टैंकर MT Settebello पर हुए हमले में तीन भारतीय नागरिकों की मौत की पुष्टि हुई थी। केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने बताया कि मृतकों में से दो के शव बरामद कर लिए गए हैं।
अमेरिकी सेना का दावा है कि संबंधित टैंकर ईरानी तेल लेकर जा रहा था और चेतावनी के बावजूद आगे बढ़ने पर कार्रवाई की गई। इससे पहले सोमवार को अमेरिकी हमले का शिकार बने तेल टैंकर The Marivex पर मौजूद 24 भारतीय नाविकों को ओमान की सेना ने सुरक्षित बचा लिया था।
ईरान-अमेरिका टकराव से बढ़ी चिंता
इधर ईरान ने कहा है कि अमेरिकी हमलों के बाद दोनों देशों के बीच लागू सीजफायर का अब कोई महत्व नहीं रह गया है। ईरान ने अमेरिका और उसके सहयोगी देशों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी देश की जमीन का इस्तेमाल ईरान के खिलाफ किया गया तो उसे भी जवाबी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि लगातार बढ़ता तनाव वैश्विक व्यापार, तेल आपूर्ति और समुद्री मार्गों की सुरक्षा पर असर डाल सकता है। भारतीय नाविकों की बड़ी संख्या इन अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों पर कार्यरत है, इसलिए भारत की चिंता भी बढ़ गई है।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









