Jharkhand News: झारखंड में मानसून ने दस्तक दे दी है और इसके साथ ही मौसम ने करवट ले ली है. राजधानी रांची में भारी बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत तो दी है, लेकिन दो दिन से लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है.

सड़कों पर पानी ही पानी, नालियों में उफान
रांची के कई प्रमुख चौक-चौराहों पर बारिश का पानी इस कदर भर गया है कि सड़क और तालाब में फर्क करना मुश्किल हो गया है. खासकर दिपाटोली इलाके की स्थिति बेहद खराब है सड़कें लबालब पानी से भरी हुई हैं. नालियों में गंदगी की वजह से जल निकासी पूरी तरह बाधित है. नगर निगम की तमाम कोशिशों के बावजूद व्यवस्था में कोई सुधार नजर नहीं आ रहा है, और तैरता कचरा नगर निगम की पोल खोल रहा है. देखें वीडियो:
View this post on Instagram
लोगों की बढ़ी मुसीबतें, घरों में कैद हुए परिवार
लगातार बारिश और जलभराव की वजह से आम लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. खास कर रांची के खादगड़ा के पास लोग घरों में कैद रहने को मजबूर हो गए हैं. सड़कों पर निकलना जोखिम भरा हो गया है. साथ ही कई घरों में भी पानी घुस चुका है. कई स्थानों पर वाहनों की आवाजाही भी ठप हो गई है.

मौसम विभाग का अलर्ट – सावधान रहें!
मौसम विभाग ने झारखंड के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. अगले 24 से 48 घंटों तक भारी बारिश, तेज हवाएं और संभावित प्राकृतिक आपदाओं की चेतावनी दी गई है. हालात को देखते हुए राज्य सरकार ने आज सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया है. वहीं, जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों और आम नागरिकों से सतर्क और सावधान रहने की अपील की है.













