धनबाद के पुटकी स्थित मुनीडीह वाशरी की ऑपरेशन बिल्डिंग में मंगलवार दोपहर अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग बिल्डिंग में लगी 18 मीटर लाइनर बॉक्सनुमा पाइप (चूट स्क्रीनिंग मशीन) में लगी। आग की लपटें उठने लगीं और धुआं आसपास के इलाके में फैल गया। हालांकि, मौके पर मौजूद कर्मियों की तत्परता से आग पर जल्द काबू पा लिया गया और बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के मुताबिक, मुनीडीह वाशरी की ऑपरेशन बिल्डिंग में मेंटेनेंस का काम चल रहा था। इसी दौरान वेल्डिंग से निकली चिंगारी के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। आग फैलते हुए 7 तल्ला, 11 तल्ला समेत स्क्रीनिंग रूम तक पहुंच गई, जिससे वहां काम कर रहे कर्मियों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।
बताया गया कि काम के दौरान कर्मियों के पास फायर एक्सटिंग्विशर मौजूद थे। आग लगते ही उन्होंने अग्निशमन उपकरणों की मदद से बुझाने का प्रयास किया। इसके बाद मुनीडीह सेफ्टी टीम ने भी मोर्चा संभाला और कुछ ही समय में आग पर काबू पा लिया।
आग की सूचना मिलने पर मुनीडीह प्रोजेक्ट के महाप्रबंधक वी. विजय कुमार समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। वहीं, सूचना मिलने पर झरिया और धनबाद से सरकारी दमकल की दो गाड़ियां तथा बीसीसीएल की एक दमकल भी घटनास्थल पर पहुंची। हालांकि, दमकल गाड़ियों के पहुंचने से पहले ही आग पर काबू पा लिया गया था। दमकल कर्मी शिवलाल महतो के अनुसार, सूचना मिलते ही झरिया और धनबाद से दमकल वाहन रवाना किए गए और मौके पर पहुंचकर आग बुझाने की कार्रवाई पूरी की गई।
घटना की सूचना पर मुनीडीह ओपी पुलिस भी मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बिल्डिंग में बीसीसीएल के पेटी कॉन्ट्रैक्ट के तहत कर्मी मेंटेनेंस का काम कर रहे थे। इसी दौरान आग लगने की घटना हुई। उक्त बिल्डिंग में कोयला वाशिंग का काम होता था, लेकिन फिलहाल वहां मेंटेनेंस कार्य चल रहा था।
आग लगने के कारण और घटना में हुए नुकसान को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। मुनीडीह के महाप्रबंधक वी. विजय कुमार ने फिलहाल इस संबंध में कोई बयान नहीं दिया है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis







