Gumla: गुमला जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत छतरपुर गांव स्थित एक बंद पड़े ईंट भट्ठे से मंगलवार सुबह एक युवक का शव बरामद होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रायडीह थाना क्षेत्र के जादी गांव निवासी अमित एक्का के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही चैनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
चरवाहे की नजर पड़ी तो सामने आया पूरा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह एक चरवाहा छतरपुर गांव स्थित दिलीप साहू के बंद पड़े ईंट भट्ठे के पास मवेशी चरा रहा था। इसी दौरान उसकी नजर भट्ठे के अंदर पड़े एक युवक के शव पर पड़ी। उसने तत्काल इसकी सूचना ग्रामीणों को दी। देखते ही देखते यह खबर पूरे गांव और आसपास के क्षेत्रों में फैल गई, जिससे लोगों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जुट गई।
घटना की जानकारी स्थानीय मुखिया सुशील दीपक मिंज ने चैनपुर थाना को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अरविंद कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया तथा साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया।
घटनास्थल से एक मोबाइल फोन बरामद
जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। मोबाइल में उपलब्ध नंबरों के आधार पर संपर्क करने पर मृतक की पहचान अमित एक्का के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और शव की पहचान की।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि अमित एक्का लकवा (पैरालिसिस) से पीड़ित था, हालांकि वह चलने-फिरने में सक्षम था। वे अक्सर अपनी बहन के ससुराल डुमरी क्षेत्र आया-जाया करते थे। ऐसे में वह छतरपुर कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी रहस्य बना हुआ है।
पुलिस हर पहलू से कर रही जांच
थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। ऐसे में मौत के कारणों के संबंध में अभी कुछ भी स्पष्ट रूप से कहना संभव नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
पुलिस फिलहाल परिजनों एवं स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है तथा सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा और मौत के कारणों का पता लगा लिया जाएगा।
फिलहाल पूरे क्षेत्र में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, जबकि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









