अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस अपनी पहली आधिकारिक भारत यात्रा पर 21 अप्रैल को यानी आज नई दिल्ली पहुंचे. उनका विमान सुबह लगभग 9:30 बजे पालम एयरपोर्ट पर उतरा. इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. वेंस के साथ उनकी पत्नी उषा वेंस और उनके तीन बच्चे भी भारत आए है, जो भारतीय परिधान में नजर आए. उनके बेटों ने कुर्ता-पायजामा पहना था, जबकि उनकी बेटी लहंगे में खूबसूरत दिख रही थी.

पालम एयरपोर्ट पर जेडी वेंस को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. एयरपोर्ट पर भारतीय शास्त्रीय नृत्य का प्रदर्शन भी किया गया, जिससे माहौल और भी खास बन गया. इसके बाद, वेंस परिवार सीधे अक्षरधाम मंदिर जाने के लिए रवाना हुआ. मंदिर की प्रवक्ता राधिका शुक्ला ने बताया कि वे पहले भगवान स्वामीनारायण की प्रतिमा के दर्शन करेंगे और फिर मंदिर की अद्भुत स्थापत्य कला का अवलोकन करेंगे.
इस यात्रा के दौरान, जेडी वेंस शाम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे. इस बैठक में व्यापार, टैरिफ और क्षेत्रीय सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है. यह यात्रा भारत और अमेरिका के बीच संबंधों को और मजबूत करने के प्रयासों का हिस्सा है.
जेडी वेंस का यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन द्वारा कई देशों पर टैरिफ लगाने की घोषणा की गई थी. इस संदर्भ में भारत और अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के लिए बातचीत कर रहे हैं.
वेंस परिवार की यात्रा 21 अप्रैल से शुरू होकर 24 अप्रैल तक चलेगी, जिसमें वे जयपुर और आगरा भी जाएंगे. आगरा में ताजमहल का दीदार करने के बाद वे वापस जयपुर लौटेंगे और फिर अमेरिका के लिए रवाना हो जाएंगे.
वरिष्ठ पत्रकार एवं राजनीतिक विश्लेषक। झारखंड, बिहार और राष्ट्रीय राजनीति, शिक्षा, प्रशासनिक मामलों और विकास नीतियों पर 10+ वर्षों का जमीनी पत्रकारिता अनुभव। निष्पक्ष और प्रमाणिक समाचार रिपोर्टिंग के लिए समर्पित।






