Jharkhand: झारखंड के रामगढ़ जिला अंतर्गत मांडू थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में झारखंड पुलिस के जवान रमाशंकर पांडे की ड्यूटी के दौरान मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब पुलिस गश्ती दल डीजल तस्करी के शक में एक संदिग्ध ट्रक का पीछा कर रहा था।
हादसा रात लगभग 2 बजे हुआ। चरही थाना में पदस्थापित रमाशंकर पांडे अपने दल के साथ ट्रक का पीछा कर रहे थे, जिसे रोकने की कोशिश नाकाम होने पर मांडू पुलिस को सूचना दी गई। मांडू थाना के जवानों ने सड़क पर बैरिकेडिंग कर ट्रक को रोकने की कोशिश की, लेकिन ट्रक चालक बैरिकेड तोड़ते हुए फरार हो गया। इसी दौरान हजारीबाग की ओर से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर (नंबर HR 55AW 8289) ने रमाशंकर पांडे को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
डीजल चोरी की सूचना के बाद शुरू हुई थी कार्रवाई
हजारीबाग सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित आनंद ने बताया कि चरही पुलिस को ट्रक में डीजल चोरी की सूचना मिली थी। गश्ती दल ने ट्रक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन ट्रक चालक ने रफ्तार बढ़ा दी और भाग निकला। इसके बाद मांडू थाना को अलर्ट किया गया। पुलिस ने ट्रक और कंटेनर दोनों को जब्त कर लिया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
पलामू के रहने वाले थे शहीद जवान
रमाशंकर पांडे पलामू जिला के विश्रामपुर क्षेत्र के निवासी थे और कई वर्षों से चरही थाना में पदस्थापित थे। उनके निधन की सूचना परिजनों को दे दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज, हजारीबाग भेजा गया था। पोस्टमार्टम के बाद शव पुलिस लाइन लाया गया, जहां शहीद रमाशंकर पांडे को पुलिसकर्मियों और वरीय अधिकारियों ने अंतिम सलामी दी।
1 महीने में दूसरी ऐसी घटना
गौरतलब है कि ठीक एक महीने पहले, 21 जून को हजारीबाग जिले के कोर्रा थाना क्षेत्र में गश्ती के दौरान जवान नंदलाल ठाकुर की भी एक तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से मौत हो गई थी। उस मामले में भी आरोपी अब तक फरार हैं। महज एक महीने के भीतर ऑन ड्यूटी पुलिसकर्मियों की सड़क हादसों में यह दूसरी मौत है, जिससे पुलिस महकमे में आक्रोश और शोक का माहौल है।
वरिष्ठ अधिकारियों ने जताया शोक
हजारीबाग पुलिस के वरीय अधिकारियों ने इस घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








