Ranchi: निशा कुमारी भगत मौत मामले की जांच अपने हाथ में लेने के बाद केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने कार्रवाई तेज कर दी है। जांच के पहले ही दिन CBI की टीम ने मामले में नामजद आरोपियों के ठिकानों पर कई घंटे तक तलाशी अभियान चलाया और उनसे पूछताछ की। देर रात करीब 11 बजे तक जांच की कार्रवाई जारी रही।
जानकारी के अनुसार, CBI की टीम आरोपियों के ठिकानों पर पहुंची और मामले से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की। इस दौरान तलाशी लेने के साथ आरोपियों से पूछताछ भी की गई। देर रात तक चले इस अभियान के बाद CBI की टीम आरोपियों के ठिकानों से बाहर निकली।
सुसाइड से पहले फेसबुक लाइव पर छलका था निशा भगत का दर्द
आपको बता दें कि बीते 6 नवंबर को निशा भगत की डहूटोली स्थित उनके आवास पर मौत हो गई थी। मौत से पहले उन्होंने फेसबुक लाइव के जरिए रोते हुए अपनी परेशानी बयां की थी। इस दौरान उन्होंने जमीन कारोबारियों पर प्रताड़ित करने, सोशल मीडिया पर चरित्र हनन करने और पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए थे। फेसबुक लाइव में निशा ने अजय तिर्की का नाम भी लिया था। बताया जाता है कि आत्महत्या से पहले उन्होंने पिठौरिया थाना प्रभारी को फोन कर अपनी स्थिति की जानकारी दी थी। इस घटनाक्रम के सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया और निष्पक्ष जांच के साथ जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज हो गई।
पिता की शिकायत पर FIR, अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा नामजद
निशा भगत की मौत के बाद उनके पिता हांदू भगत ने पिठौरिया थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए बेटी को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया था। उनकी शिकायत के आधार पर पिठौरिया थाने में प्राथमिकी संख्या 114/2026 दर्ज की गई। इस मामले में केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा को नामजद आरोपी बनाया गया है, जबकि कुछ अज्ञात लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। इसी प्राथमिकी के आधार पर सीबीआई ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। जांच एजेंसी आत्महत्या के लिए उकसाने और आपराधिक साजिश से जुड़े आरोपों की पड़ताल कर रही है। हालांकि, मामले में आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने और साक्ष्यों के आधार पर ही हो सकेगी।
अब CBI की जांच पर टिकी निगाहें
मामले को लेकर भाजपा, आजसू और विभिन्न आदिवासी संगठनों ने विरोध जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की थी। निशा भगत के परिजनों ने भी पूरे घटनाक्रम की गहन जांच कराने की अपील की थी। इसके बाद राज्य सरकार ने पिठौरिया थाना प्रभारी को निलंबित करते हुए लाइन हाजिर कर दिया था। वहीं, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मामले की CBI जांच कराने की अनुशंसा की थी। अब CBI ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सोमवार को तीन अलग-अलग स्थानों पर एक साथ की गई कार्रवाई को जांच की शुरुआती कड़ी के रूप में देखा जा रहा है। आने वाले दिनों में एजेंसी पूछताछ, घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध तथ्यों के आधार पर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास करेगी।
निशा कुमारी भगत मौत मामले में CBI की एंट्री के बाद जांच को लेकर लोगों की उम्मीदें बढ़ गई हैं। पहले ही दिन की गई कार्रवाई से संकेत मिलता है कि एजेंसी मामले की तह तक पहुंचने के लिए गंभीरता से जांच कर रही है।
कंटेंट राइटर एवं रिपोर्टर, खबर मन्त्र। झारखंड के स्थानीय समाचार, महिला विकास, कला और लाइफस्टाइल खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।







