नई दिल्ली: बिहार की राजनीति के ‘चाणक्य’ कहे जाने वाले नीतीश कुमार(Nitish Kumar) ने आज एक और नया इतिहास रच दिया है। मुख्यमंत्री Nitish Kumar ने शुक्रवार को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस ऐतिहासिक पल के गवाह केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, निर्मला सीतारमण और अर्जुन राम मेघवाल समेत बिहार एनडीए के कई दिग्गज नेता बने।
शपथ ग्रहण के बाद एक हल्का-फुल्का पल भी देखने को मिला। जब नीतीश कुमार को हस्ताक्षर करने थे, तब जेडीयू नेता संजय झा ने उन्हें अपना पेन दिया। साइन करने के तुरंत बाद नीतीश कुमार ने चिर-परिचित अंदाज में पूछा— “हो गया… चलें?” हालांकि, उन्हें फोटो सेशन के लिए कुछ देर रुकने का आग्रह किया गया।
Nitish Kumar का महा-रिकॉर्ड, चारों सदनों के सदस्य
नीतीश कुमार अब देश के उन गिने-चुने नेताओं में शामिल हो गए हैं जिन्होंने चारों सदनों (लोकसभा, राज्यसभा (पहली बार), बिहार विधानसभा (दो बार), बिहार विधान परिषद) की सदस्यता हासिल की है।
बिहार में सत्ता परिवर्तन की सुगबुगाहट, 14 अप्रैल को इस्तीफा!
दिल्ली में शपथ लेने के बाद अब सबकी नजरें बिहार की कुर्सी पर हैं। सूत्रों के अनुसार 13 अप्रैल को कैबिनेट की आखिरी बैठक हो सकती है। वहीं 14 अप्रैल को नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं। इसी दिन एनडीए विधायक दल की बैठक में नए नेता का चुनाव होगा।
जेडीयू के भीतर से आ रही खबरें चौंकाने वाली हैं। माना जा रहा है कि बिहार में एनडीए के नए स्वरूप में जेडीयू से दो डिप्टी सीएम बनाए जा सकते हैं। सबसे बड़ी चर्चा निशांत कुमार को लेकर है, जिन्हें डिप्टी सीएम की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। इसके अलावा विधानसभा स्पीकर का पद भी जेडीयू के पास ही रहने की संभावना है।
“अब दिल्ली में ही रहूंगा”
दिल्ली पहुँचते ही Nitish Kumar ने अपने इरादे साफ कर दिए थे। उन्होंने मीडिया से कहा, “अब यहीं रहूंगा। पहले भी यहाँ बहुत काम किया है, अब फिर से यहीं काम करूँगा। बिहार में 20 साल तक बहुत सेवा की है, वह काम भी आगे जारी रहेगा।”
Nitish Kumar आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर सकते हैं। इस बैठक में बिहार की नई सरकार के स्वरूप और भविष्य की रणनीति पर अंतिम मुहर लगेगी।
बिहार की सियासत अब एक निर्णायक मोड़ पर है। विजय चौधरी के “कुछ दिन की बात है” वाले बयान ने यह साफ कर दिया है कि पर्दे के पीछे बहुत कुछ पक रहा है और जल्द ही बिहार को लेकर कोई बड़ा एलान हो सकता है।













