Nitish Kumar: बिहार की राजनीति में बड़ा उलटफेर सामने आया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज सुबह बिहार विधानसभा पहुंचकर राज्यसभा चुनाव के लिए अपनी उम्मीदवारी दाखिल करेंगे। बिहार की सियासत में इन दिनों भारी हलचल है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की खबरों ने राज्य के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है। इसी के साथ बिहार में नए सिरे से सरकार के गठन और सत्ता के नए समीकरणों को लेकर भी खबरें तेज हो गई है।
भाजपा और आरएलएम के उम्मीदवार भी भरेंगे नामांकन
राज्यसभा चुनाव की सरगर्मियों के बीच भाजपा और उसकी सहयोगी पार्टियों ने भी अपनी तैयारी पूरी कर ली है। भाजपा की ओर से नितिन नवीन और शिवेश कुमार अपना नामांकन दाखिल करेंगे। वहीं, राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा भी राज्यसभा के लिए अपना पर्चा भरेंगे।
नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की खबर से जदयू (JDU) कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच नाराजगी की संभावना भी जताई जा रही है। बुधवार को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के आवास पर एक महत्वपूर्ण बैठक की, इस बैठक में मौजूदा राजनीतिक हालात और नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने को लेकर चर्चा की गई। बैठक के बाद जदयू के वरिष्ठ नेता विजय कुमार चौधरी ने विजय कुमार चौधरी ने मीडिया से बातचीत की, बातचीत के दोरान उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार अपनी मर्जी से राज्यसभा जा रहे हैं। पार्टी यह संदेश देने की कोशिश कर रही है कि यह फैसला पूरी तरह से मुख्यमंत्री का निजी है।
क्या निशांत कुमार बनेंगे बिहार के नए डिप्टी सीएम?
सबसे चौंकाने वाली खबर नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को लेकर आ रही है। निशांत कुमार की राजनीति में एंट्री हो सकती है और उन्हें बिहार का डिप्टी सीएम (Deputy CM) बनाया जा सकता है।
हालांकि, विजय कुमार चौधरी ने फिलहाल इस मुद्दे पर सीधे तौर पर कुछ भी कहने से बचते हुए कहा कि अभी इस पर कोई अलग चर्चा नहीं है। लेकिन राजनीतिक जानकारों का मानना है कि नीतीश कुमार के दिल्ली जाने की स्थिति में सत्ता की कमान उनके परिवार या किसी बेहद भरोसेमंद हाथ में सौंपी जा सकती है।
नीतीश कुमार के इस कदम को बिहार की राजनीति में एक युग के अंत और नए शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है। आने वाले दिनों में यह स्पष्ट हो जाएगा कि, क्या नीतीश कुमार केंद्र की राजनीति में सक्रिय होंगे और साथ ही निशांत कुमार की भूमिका सरकार में क्या होगी, यह भी स्पष्ट हो जाएगा।
CM Nitish kumar ने ट्विट् कर यह सुनिश्चित किया
CM Nitish kumar ने ट्विट् कर इसकी जानकारी दी है, नितिश कुमार ने लिखा है “पिछले दो दशक से भी अधिक समय से आपने अपना विश्वास एवं समर्थन मेरे साथ लगातार बनाए रखा है, तथा उसी के बल पर हमने बिहार की और आप सब लोगों की पूरी निष्ठा से सेवा की है। आपके विश्वास और समर्थन की ही ताकत थी कि बिहार आज विकास और सम्मान का नया आयाम प्रस्तुत कर रहा है। इसके लिए पूर्व में भी मैंने आपके प्रति कई बार आभार व्यक्त किया है। संसदीय जीवन शुरू करने के समय से ही मेरे मन में एक इच्छा थी कि मैं बिहार विधान मंडल के दोनों सदनों के साथ संसद के भी दोनों सदनों का सदस्य बनूँ। इसी क्रम में इस बार हो रहे चुनाव में राज्यसभा का सदस्य बनना चाह रहा हूँ। मैं आपको पूरी ईमानदारी से विश्वास दिलाना चाहता हूँ कि आपके साथ मेरा यह संबंध भविष्य में भी बना रहेगा एवं आपके साथ मिलकर एक विकसित बिहार बनाने का संकल्प पूर्ववत कायम रहेगा। जो नई सरकार बनेगी उसको मेरा पूरा सहयोग एवं मार्गदर्शन रहेगा।”
बिहार में अगले कुछ दिन राजनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण होने वाले हैं। नीतीश कुमार का राज्यसभा जाना न केवल जदयू बल्कि पूरे एनडीए गठबंधन के भविष्य को नई दिशा दे सकता है।













