Jharkhand: महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए झारखंड पुलिस ने एक नई पहल की शुरुआत की है, जिसके तहत महिलाएं या कोई भी व्यक्ति किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, अड्डेबाजी या असामाजिक गतिविधियों की गुमनाम शिकायत ऑनलाइन दर्ज करा सकता है। इस पहल का नाम “वीमेंस सेफ्टी इनिशिएटिव बाय झारखंड पुलिस – मेक माई सिटी सेफ (वी एंड यू)” रखा गया है।
अब अगर किसी इलाके में छात्राओं या महिलाओं के साथ बदसलूकी हो रही हो, मोहल्ले में शराबियों का जमावड़ा हो या कोई अन्य असामाजिक गतिविधि हो रही हो, तो कोई भी व्यक्ति बिना अपनी पहचान उजागर किए, सीधे झारखंड पुलिस को इसकी सूचना दे सकता है।
शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया:
- झारखंड पुलिस की वेबसाइट पर जाएं: https://jhpolice.gov.in/make-my-city-safe
- “मेक माई सिटी सेफ (वी एंड यू)” का विंडो खुलेगा।
- विंडो में शिकायत से संबंधित विवरण भरें।
- चाहें तो अपनी पहचान भी दे सकते हैं, लेकिन यह अनिवार्य नहीं है।
इस पोर्टल की निगरानी पुलिस मुख्यालय से की जा रही है, और हर शिकायत पर संबंधित जिले से कार्रवाई की जानकारी भी ली जा रही है।
पिछले कुछ महीनों में हुए छेड़खानी के आंकड़े:
- पूरे झारखंड में पिछले कुछ महीनों में छेड़खानी की 41 घटनाएं दर्ज की गईं।
- अकेले रांची में 11 घटनाएं हुईं।
- चाइबासा में 5, जमशेदपुर, गोड्डा और गढ़वा में 3-3 मामले सामने आए।
- पलामू, लातेहार, हजारीबाग, दुमका में 2-2 और गुमला, सरायकेला, रामगढ़, धनबाद, देवघर, साहेबगंज, पाकुड़ में 1-1 मामला दर्ज किया गया।
झारखंड में पिछले चार महीनों (जनवरी से अप्रैल 2025) के दौरान महिलाओं के खिलाफ छेड़छाड़ और अन्य अपराधों के मामलों में चिंताजनक वृद्धि देखी गई है। झारखंड पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, इस अवधि में छेड़छाड़ की कुल 383 घटनाएं दर्ज की गईं।यह पहल न केवल महिलाओं को सुरक्षित वातावरण देने की दिशा में एक बड़ा कदम है, बल्कि आम लोगों को भी जागरूक होकर अपराध रोकने में भागीदार बनने का अवसर देती है।













