Palamu: झारखंड के पलामू जिले से दहेज प्रताड़ना का एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। जिले के तरहसी थाना क्षेत्र के कसमार गांव में कथित तौर पर 70 हजार रुपये की बकाया दहेज राशि नहीं मिलने पर एक नवविवाहिता को पेट्रोल डालकर आग के हवाले कर दिया गया। गंभीर रूप से झुलसी महिला का कई दिनों तक रांची के रिम्स (RIMS) में इलाज चला, लेकिन शुक्रवार को उसने दम तोड़ दिया।
मृतका की पहचान 20 वर्षीय नेहा कुमारी के रूप में हुई है। उसकी मौत के बाद परिजन शव लेकर सीधे तरहसी थाना पहुंचे और पति पवन कुमार तथा ससुर महेंद्र राम के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया। थाना प्रभारी आनंद राम ने आवेदन मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वहीं, मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (MMCH) में शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
25 नवंबर 2025 को हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार, नेहा कुमारी चतरा जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के चौनपुर गांव निवासी बबलू राम की पुत्री थी। उसकी शादी 25 नवंबर 2025 को पलामू के कसमार गांव निवासी पवन कुमार के साथ पदमा सूर्य मंदिर में हुई थी।
परिजनों के मुताबिक शादी में डेढ़ लाख रुपये दहेज देने की बात तय हुई थी। इसमें 80 हजार रुपये दिए जा चुके थे, जबकि 70 हजार रुपये बाकी थे। इसी बकाया रकम को लेकर शादी के बाद से नेहा को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।
10 जून को पेट्रोल डालकर आग लगाने का आरोप
मृतका के पिता, माता और अन्य परिजनों का आरोप है कि 10 जून को पति और ससुर ने मिलकर नेहा पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। घटना के बाद उसे पहले मेदिनीनगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर रांची के निजी अस्पताल और बाद में रिम्स में इलाज कराया गया।
परिजनों के अनुसार, 25 जून को डॉक्टरों ने हालत बेहद गंभीर बताते हुए मरीज को घर ले जाने की सलाह दी। इसके बाद जब परिजन नेहा को वापस घर ला रहे थे, तभी 26 जून की सुबह करीब 2 बजे रास्ते में उसकी मौत हो गई।
पति ने आरोपों को बताया निराधार
इस मामले में आरोपी पति पवन कुमार ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों से इनकार किया है। उसका कहना है कि उसे यह जानकारी नहीं है कि नेहा को किसने आग लगाई। उसने दावा किया कि घटना की सूचना मिलने के बाद वह खुद नेहा को बचाने पहुंचा था और इलाज के दौरान भी उसके साथ रहा। पति ने परिजनों द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को बेबुनियाद और निराधार बताया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
तरहसी थाना पुलिस ने पति और ससुर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









