Palamu जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सेमरा पंचायत स्थित बनपहाड़ी जंगल में शनिवार को एक युवक का अधजला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या करने के बाद उसकी पहचान छिपाने और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को जलाने की कोशिश की गई है।
जूते के आधार पर हुई युवक की पहचान
मृतक की पहचान कुदागा गांव निवासी 22 वर्षीय मोजाहिद अंसारी के रूप में हुई है। परिजनों ने घटनास्थल के पास मिले जूते के आधार पर उसकी पहचान की। बताया जा रहा है कि मोजाहिद अंसारी बाहर रहकर पेंट-पुट्टी का काम करता था और कुछ दिनों पहले ही घर आया था।
27 मई से था लापता
परिजनों के अनुसार, मोजाहिद 27 मई को घर से निकला था, जिसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने चैनपुर थाना में उसकी गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई थी।
हत्या के एंगल से जांच में जुटी पुलिस
अब जंगल से अधजला शव बरामद होने के बाद मामला और गंभीर हो गया है। पुलिस हत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा होने की उम्मीद है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही घटना से जुड़े तथ्यों का खुलासा किया जाएगा।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








