Dhanbad: उपायुक्त आदित्य रंजन ने शनिवार को गोविंदपुर अंचल कार्यालय का निरीक्षण कर राजस्व कार्यों, लंबित मामलों एवं कार्यालयी अभिलेखों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने दाखिल-खारिज, भूमि मापी तथा जाति, आय और आवासीय प्रमाण पत्रों के लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
अंचल कार्यालय में विभिन्न पंजियों एवं अभिलेखों की जांच
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अंचल कार्यालय में विभिन्न पंजियों एवं अभिलेखों की जांच की। पंजियों के संधारण में अनियमितता और त्रुटियां पाए जाने पर उन्होंने संबंधित कर्मियों को फटकार लगाई तथा सभी पंजियों का शत-प्रतिशत संधारण सुनिश्चित होने तक संबंधित कर्मियों का वेतन रोकने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने सरकारी जमीन, तालाब और सार्वजनिक स्थलों पर हुए अवैध अतिक्रमण को चिह्नित कर विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया। साथ ही बिना अनुमति लगाए गए मोबाइल टावरों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा। प्रधानमंत्री आवास (शहरी) योजना, प्रखंड स्तरीय खेल मैदान एवं अन्य विकास योजनाओं के लिए आवश्यक भूमि का शीघ्र आवंटन सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।
लंबित मामलों को जल्द निपटाने का निर्देश
समीक्षा बैठक में दाखिल-खारिज के लंबित और अस्वीकृत मामलों, भूमि मापी से जुड़े प्रकरणों तथा झारसेवा पोर्टल के माध्यम से जारी होने वाले प्रमाण पत्रों की स्थिति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी लंबित मामलों को जल्द निपटाने और प्रमाण पत्रों के लंबित आवेदनों को शून्य करने का निर्देश दिया। इसके अलावा RCMS के तहत सभी न्यायालयीन मामलों की ऑनलाइन प्रविष्टि समय पर करने पर जोर दिया गया।
बैठक के अंत में उपायुक्त ने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों और कर्मियों को जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करने तथा कार्यालयों को अधिक पारदर्शी और जनोन्मुखी बनाने के लिए गंभीरता से कार्य करने का निर्देश दिया।
मौके पर उप विकास आयुक्त सन्नी राज, अपर समाहर्ता विनोद कुमार, ओएसडी राजीव रंजन, अंचल अधिकारी धर्मेंद्र दुबे, बीडीओ जाहिर आलम, जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी संजय झा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









