मेदिनीनगर(palamu): पलामू जिला पुलिस ने पलक झपकते ही बच्चों के गले से सोने के जेवरात और लॉकेट उड़ाने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। मेदिनीनगर शहर थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों (Technical Evidence) के आधार पर इस गिरोह के तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने इनके पास से चोरी किए गए दो सोने के लॉकेट भी बरामद किए हैं।
ब्लेड मारकर 6 वर्षीय बच्ची को किया था लहूलुहान
सदर एसडीपीओ (SDPO) राजेश यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि बीती 26 मई को मेदिनीनगर टाउन के बाजार में इस गिरोह ने एक बेहद खौफनाक वारदात को अंजाम दिया था। मोटरसाइकिल से जा रही एक 6 वर्षीय मासूम बच्ची के गले से अपराधियों ने ब्लेड मारकर सोने का लॉकेट काट लिया था। इस दौरान ब्लेड लगने से बच्ची का कंधा गंभीर रूप से कट गया था, जिसके बाद उसे अस्पताल में छह टांके लगाने पड़े थे।
इस संबंध में बच्ची के मामा (चैनपुर के पूर्वडीहा निवासी श्रेयांश कुमार दुबे) की शिकायत पर शहर थाने में मामला दर्ज किया गया था।
Read More: Koderma के इस गांव में 20 साल से एक ही घाट पर प्यास बुझा रहे इंसान और जानवर, वायरल होने पर CM एक्शन में
गिरफ्तार अपराधियों में दो सगे भाई शामिल
पुलिस के शिकंजे में आए अपराधियों की पहचान सानु आलम (पिता सब्जी कारोबारी, निवासी: अररुआ, हरिहरगंज / वर्तमान पता: पहाड़ी मोहल्ला, मेदिनीनगर), समीर आलम (सानु आलम का सगा भाई), सूर्यप्रताप कुमार उर्फ अमन कुमार (निवासी: साहित्य समाज चौक, बड़ा तालाब के पास, मेदिनीनगर) के रूप में की है।
गिरफ्तार आरोपियों में शामिल सानु आलम एक पुराना अपराधी है। वह पिछले साल सितंबर (2025) में भी इसी तरह की छिनतई और चोरी की घटना में जेल जा चुका है।
ये भी देखें: Bengal में कमल खिला, लेकिन क्या फिर खू न से रंगेगी सियासत?

Palamu: सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग, पुलिस टीम को सफलता
वारदात के बाद पलामू(Palamu) पुलिस ने बाजार क्षेत्र के कई सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को दबोच लिया। अपराधियों ने पुलिस के समक्ष अपना जुर्म कबूल कर लिया है और उनसे पूछताछ में कई अन्य सुराग भी मिले हैं।
इस सफल छापेमारी अभियान में सदर एसडीपीओ राजेश यादव, टाउन थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार, एएसआई (ASI) समय राम और पुलिस बल के कई जवान शामिल थे।








