पलामू से शुरू हुआ महिला नेतृत्व वाला डेयरी-टेक स्टार्टअप स्वधा एग्री प्राइवेट लिमिटेड अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बना रहा है। श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में 19 और 20 अक्टूबर को आयोजित दक्षिण एशिया क्षेत्रीय चक्रीय अर्थव्यवस्था मंच में कंपनी ने अपना विकेंद्रीकृत डेयरी मॉडल प्रस्तुत किया।
इस मंच का आयोजन सार्क चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की ओर से किया गया था। यहां दक्षिण एशिया के विभिन्न देशों से पहुंचे प्रतिनिधियों ने स्वधा के मॉडल में रुचि दिखाई। कुछ प्रतिनिधियों ने अपने-अपने देशों में इसके पायलट प्रोजेक्ट की संभावनाएं तलाशने का सुझाव भी दिया।
लॉकडाउन में पलामू से हुई शुरुआत
स्वधा एग्री की संस्थापक और सीईओ नेहा भारती के अनुसार, कंपनी की शुरुआत वर्ष 2021 के लॉकडाउन के दौरान पलामू से हुई थी। अब तक कंपनी 10 लाख से अधिक डिलीवरी कर चुकी है।
कंपनी का मुख्य उद्देश्य किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाना और डेयरी को परिवारों की स्थायी और प्रमुख आजीविका के रूप में विकसित करना है। इसके लिए दूध के उत्पादन से लेकर संग्रह, शीतलन और ग्राहकों तक पहुंचाने की पूरी प्रक्रिया को स्थानीय स्तर पर तकनीक से जोड़ने की कोशिश की जा रही है।
गोबर से किसानों की अतिरिक्त आय पर भी फोकस
कोलंबो में आयोजित फोरम के दौरान जापान के इंस्टीट्यूट फॉर ग्लोबल एनवायरनमेंटल स्ट्रैटेजीज (IGES) ने भी स्वधा के मॉडल में रुचि दिखाई। संस्थान की ओर से किसानों से गोबर खरीदकर उससे बायोगैस और जैविक खाद तैयार करने की पहल को उपयोगी बताया गया।
कंपनी के अनुसार, इस मॉडल के पायलट प्रोजेक्ट के लिए विशेषज्ञता और वित्तीय सहयोग की संभावनाओं पर भी रुचि जताई गई है। श्रीलंका के फेडरेशन ऑफ चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने भी इस पहल में दिलचस्पी दिखाई है। इसके अलावा शोधकर्ता स्वधा के मॉडल को केस स्टडी के तौर पर भी देख सकते हैं।
तीन ऐप से चल रहा डेयरी नेटवर्क
स्वधा ने दूध की जांच से लेकर ग्राहक के घर तक डिलीवरी की प्रक्रिया को तकनीक से जोड़ने के लिए तीन अलग-अलग ऐप विकसित किए हैं। स्थानीय स्तर पर दूध का संग्रह और शीतलन करने के बाद इसे ग्राहकों तक पहुंचाया जाता है।
कंपनी के मुताबिक, उसके नेटवर्क से 1,500 से अधिक किसान जुड़े हैं, जिनमें 60 प्रतिशत से ज्यादा महिलाएं हैं। फिलहाल पलामू और जगदलपुर में कंपनी के 5,000 से अधिक ग्राहक हैं।
200 से 20 हजार ग्राहकों तक पहुंचाने का लक्ष्य
स्वधा एग्री अब छोटे डेयरी कारोबारियों को तकनीक के जरिए अपना कारोबार बढ़ाने में मदद करने की दिशा में काम कर रही है। कंपनी का लक्ष्य ऐसे स्थानीय डेयरी उद्यमियों को 200 ग्राहकों से बढ़ाकर 20 हजार ग्राहकों तक पहुंचाने का है।
इसके लिए कंपनी दूध के क्षेत्र में एक ऐसी तकनीकी व्यवस्था विकसित करना चाहती है, जिसकी तुलना वह ‘उबर’ जैसे प्लेटफॉर्म मॉडल से करती है। इसका उद्देश्य स्थानीय डेयरी कारोबारियों को एक संगठित डिजिटल नेटवर्क उपलब्ध कराना है।
झारखंड सरकार से सहयोग का आश्वासन
कोलंबो फोरम के बाद नेहा भारती ने झारखंड सरकार के उद्योग निदेशक के साथ भी इस पहल की जानकारी साझा की। कंपनी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, राज्य सरकार की तरफ से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया गया है।
स्वधा के मॉडल की समीक्षा आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव मोहन कांडा और सीएनआरआइ के महासचिव बिनोद आनंद भी कर चुके हैं। कंपनी के अनुसार, मोहन कांडा ने इसे नवाचारी पहल बताते हुए बड़े स्तर पर लागू करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
नेहा भारती को मिल चुका है ‘वंडर वुमन अवार्ड’
स्वधा एग्री को स्टार्टअप नेक्सस, आइआइएम लखनऊ, नैसकॉम, एसटीपीआइ, सिडबी और गोल्डमैन सैक्स 10,000 वीमेन जैसे संस्थानों का सहयोग प्राप्त है।
कंपनी के अनुसार, झारखंड सरकार के नामांकन पर नेहा भारती को टैली एमएसएमई ऑनर्स 2026 के तहत ‘वंडर वुमन अवार्ड’ से भी सम्मानित किया गया है। पलामू से शुरू हुई इस पहल का अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचना झारखंड के ग्रामीण उद्यमिता और महिला नेतृत्व वाले स्टार्टअप के लिए एक अहम उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








