Palamu: पूर्व मध्य रेलवे के सोननगर-बरवाडीह रेलखंड पर गुरुवार दोपहर एक बड़ा रेल हादसा हो गया। पलामू जिले के राजहरा रेलवे स्टेशन के पास कोयला लदी एक मालगाड़ी के 16 वैगन (डिब्बे) पटरी से उतरकर पलट गए। इस हादसे के बाद इस व्यस्त रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन पूरी तरह ठप हो गया।
राहत की बात यह है कि मालगाड़ी के चालक और अन्य स्टाफ पूरी तरह सुरक्षित हैं।
15 घंटे की मशक्कत के बाद रिवर्सल लाइन चालू, अप लाइन अब भी बाधित
हादसे के बाद रेलवे प्रशासन तुरंत एक्शन में आया। बरवाडीह और आसपास के क्षेत्रों से क्रेन व भारी उपकरण मंगाकर युद्ध स्तर पर राहत कार्य शुरू किया गया। करीब 15 घंटे के कड़े बचाव अभियान के बाद शुक्रवार सुबह रिवर्सल लाइन से ट्रेनों की आवाजाही फिर से शुरू कर दी गई है।
ट्रैक पर भारी मात्रा में कोयला बिखरा होने के कारण अप लाइन (Up Line) अभी भी पूरी तरह बाधित है। रेलवे की तकनीकी टीम और इंजीनियरिंग विभाग इसे बहाल करने में जुटे हैं। रात में धनबाद से डीआरएम (DRM) भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
Read More: Ranchi के होटल कैपिटोल हिल के मालिक से प्रिंस खान के नाम पर 1 करोड़ की रंगदारी, परिवार को धमकी
रांची-सासाराम समेत 2 ट्रेनें रद्द, 10 ट्रेनों का रूट बदला
धनबाद रेलवे डिवीजन के तहत आने वाले इस रूट पर हुए हादसे के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे ने सुरक्षा के मद्देनजर गंबीर कदम उठाए हैं। जिसमें रांची-सासाराम एक्सप्रेस और डेहरी-ऑन-सोन पैसेंजर ट्रेन को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया गया है। नई दिल्ली जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस सहित 10 प्रमुख ट्रेनों के रूट में बदलाव (डायवर्ट) किया गया है।साथ ही कई अन्य पैसेंजर और मालगाड़ियों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोका गया है।
Palamu: खलारी से एनटीपीसी दादरी जा रही थी मालगाड़ी
मिली जानकारी के अनुसार, यह मालगाड़ी 118 वैगन में कोयला लेकर खलारी (टोरी) से एनटीपीसी दादरी (उत्तर प्रदेश) जा रही थी। राजहरा रेलवे स्टेशन के पास अचानक आई तकनीकी खराबी के कारण ट्रेन के बीच के 16 वैगन अनियंत्रित होकर पलट गए।
सेंट्रल इंडस्ट्रियल कोर का अहम हिस्सा है यह रूट
राजहरा रेलवे स्टेशन का यह इलाका रेलवे के ‘सेंट्रल इंडस्ट्रियल कोर’ का हिस्सा है, जहां से रोजाना लगभग 100 से 110 मालगाड़ियां और पैसेंजर ट्रेनें गुजरती हैं। इसमें से करीब 36 पैसेंजर ट्रेनें शामिल हैं। रूट बाधित होने से रेलवे को बड़ा नुकसान हुआ है और ट्रैक को भी काफी क्षति पहुंची है। हाजीपुर जोन के वरीय अधिकारी और तकनीकी विशेषज्ञ फिलहाल हादसे के सटीक कारणों की जांच कर रहे हैं।
ये भी देखें: CCTV में आखिरी बार दिखी, फिर बंद हो गए सभी कैमरे… आखिर कहां है मासूम Aditi Pandey?










