Dhanbad: धनबाद जिले के मैथन के आजाद नगर में रविवार की देर रात उस वक्त सनसनी फैल गई, जब अज्ञात लोगों ने एक घर के बाहर खड़ी महिंद्रा स्कॉर्पियो और बाइक में आग लगा दी। आरोप है कि वारदात को अंजाम देने से पहले हमलावरों ने घर के दोनों ओर के दरवाजों की कुंडी बाहर से बंद कर दी थी।
घर के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो और बाइक अचानक धू-धूकर जलने लगी
आग की लपटों के बीच घर में फंसे परिवार के लोगों ने खिड़की से बाहर देखकर शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दरवाजे खोलकर परिवार को बाहर निकाला। समय रहते लोगों के पहुंच जाने से बड़ी अनहोनी टल गई।
बताया जाता है कि घटना बीती रात करीब एक से दो बजे के बीच की है। प्रदीप बाउरी के घर के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो और बाइक अचानक धू-धूकर जलने लगी। आग की तेज लपटें देखकर परिवार में अफरा-तफरी मच गई। परिवार के सदस्यों ने बाहर निकलने का प्रयास किया, लेकिन दोनों ओर के दरवाजे बाहर से बंद मिले। इसके बाद खिड़की से शोर मचाकर आसपास के लोगों को मदद के लिए बुलाया गया।
स्थानीय लोगों ने कुंडी खोलकर परिवार के सदस्यों को बाहर निकाला
हंगामा सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और दरवाजों की कुंडी खोलकर परिवार के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही समाजसेवी रंजीत महतो भी देर रात मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल थाना प्रभारी को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी और मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
घटना के बाद आजाद नगर में दहशत का माहौल है। वाहन में आग लगाने के साथ घर के दरवाजे बाहर से बंद किए जाने की बात ने मामले को और गंभीर बना दिया है। परिवार और स्थानीय लोगों ने पुलिस-प्रशासन से घटना की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी की मांग की है।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








