Ranchi: राजधानी रांची के कांटाटोली स्थित वासुदेव नगर के एक अपार्टमेंट में पुलिस ने छापेमारी कर देसी पिस्टल के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान चतरा जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के पिपरा निवासी अमरजीत कुमार सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक देसी पिस्टल और मोबाइल फोन बरामद किया है।
हथियार के साथ युवक गिरफ्तार
रांची पुलिस के अनुसार, एसएसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि वासुदेव नगर स्थित रिबुलेन इनफ्लैक्स अपार्टमेंट के ई-ब्लॉक के फ्लैट नंबर 103 में कुछ संदिग्ध युवक जमा हुए हैं। आशंका जताई गई थी कि वे किसी अप्रिय घटना को अंजाम दे सकते हैं।
सूचना के आधार पर वरीय पुलिस उपाधीक्षक (नगर) केवी रमण के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई। टीम ने फ्लैट में छापेमारी कर अमरजीत कुमार सिंह को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी का पहले से भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है
पुलिस के मुताबिक, आरोपी का पहले से भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2022 में नौडीहा बाजार और हरिहरगंज थाना में मामले दर्ज हुए थे। वहीं, वर्ष 2025 में राजपुर थाना में भी उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
इस मामले में लोअर बाजार थाना कांड संख्या 193/2026, दिनांक 1 नवंबर 2026 के तहत आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









