Patna News: राजधानी पटना के सिविल कोर्ट में सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। सोमवार को चोरी के आरोपी एक कैदी कोर्ट परिसर से फरार हो गया। कैदी की पहचान सुरेंद्र कुमार उर्फ छोटू के रूप में हुई है, जो नवादा जिले का निवासी है और हाल ही में फुलवारी शरीफ में रह रहा था।
सूत्रों के मुताबिक, आरोपी को पटना सिविल कोर्ट में पेशी के लिए लाया गया था। कोर्ट परिसर में पहुंचने के बाद उसने कैदी वैन के पास अपनी चप्पल छोड़ दी और हथकड़ी सरकाकर चकमा देकर फरार हो गया।
बेउर जेल में था बंद, पुलिस कर रही तलाश
सुरेंद्र कुमार पिछले 6 महीनों से बेउर जेल में चोरी के मामले में बंद था। आज उसकी ACJM-4 कोर्ट में पेशी होनी थी। आरोपी के फरार होने के बाद पीरबहोर थाने में संबंधित सिपाही की ओर से आवेदन दिया गया है। टाउन एएसपी-1 मोहिबुल्ला अंसारी ने बताया कि अभी प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है, लेकिन सर्च ऑपरेशन जारी है।
read more- दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन से देशभर में शोक की लहर, नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
सुरक्षा में लापरवाही, 18 जून को भी हुआ था ऐसा ही मामला
यह पहली बार नहीं है जब पटना सिविल कोर्ट से कैदी फरार हुआ हो। इससे पहले 18 जून को भी एक कैदी विकास, जो पालीगंज का रहने वाला था, कोर्ट परिसर से फरार हो गया था। वह शौच का बहाना बनाकर बाथरूम में गया और खिड़की की ग्रिल तोड़कर भाग निकला।
इस मामले में भी पुलिसकर्मी बाहरी दरवाजे पर रस्सा पकड़े खड़े रहे, लेकिन आधे घंटे तक कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर अंदर जाकर देखा गया तो कैदी गायब था। उस मामले में भी पीरबहोर थाना में केस दर्ज किया गया था।
लगातार दो कैदियों के फरार होने से सुरक्षा पर सवाल
लगातार कैदियों के इस तरह भागने की घटनाओं से कोर्ट और जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। दोनों ही मामलों में पीरबहोर थाना क्षेत्र शामिल है, और पुलिस पर निगरानी व सतर्कता में चूक के आरोप लग रहे हैं।













