Ranchi News: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। गुरुवार को एक बयान में उन्होंने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में बड़े स्तर पर धांधली हुई है। उन्होंने दावा किया कि चुनाव में एग्जिट पोल के आंकड़े और नतीजों में बड़ा अंतर रहा, और राज्य में 40 लाख से अधिक संदिग्ध मतदाता पाए गए।
चुनाव आयोग इन फर्जी वोटरों को क्यों संरक्षण दे रहा है?
राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर सवाल करते हुए कहा, चुनाव आयोग इन फर्जी वोटरों को क्यों संरक्षण दे रहा है? वोटिंग प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं है, और आयोग ईवीएम का इलेक्ट्रॉनिक डेटा सार्वजनिक क्यों नहीं करता? उन्होंने इसे चुनाव आयोग और सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच मिलीभगत का नतीजा बताया।
read more- प्रयागराज में धनबाद के कुख्यात अपराधी छोटू सिंह घायल, एके-47 समेत भारी हथियार बरामद
केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने राहुल गांधी पर किया पलटवार
इस बयान पर भाजपा की ओर से तीखी प्रतिक्रिया आई। रांची सांसद और केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने राहुल गांधी पर पलटवार करते हुए कहा, जिन्हें न देश से प्रेम है और न ही सेना के पराक्रम पर विश्वास, वे चुनाव हारने के डर से ईवीएम और मतदाता सूची पर सवाल उठाते हैं। यह वही लोग हैं जो संसद को बाधित करते हैं, क्योंकि उन्हें स्वस्थ लोकतांत्रिक चर्चा में कोई रुचि नहीं है।
सेठ ने आगे कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी की आदत बन गई है मुद्दों से भागना और विवाद खड़े करना। अगर बात करनी है तो संसद में चर्चा करें, बहस से भागकर देश की जनता को गुमराह नहीं किया जा सकता।
read more- रांची में ईडी की बड़ी कार्रवाई: 750 करोड़ GST घोटाले में छह ठिकानों पर एक साथ छापेमारी













