Jharkhand News: झारखंड में दुर्गापूजा के बीच मौसम ने फिर से रुख बदल लिया है। दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के दौरान बंगाल की खाड़ी से बने डिप्रेशन का असर अब राज्य में दिखने लगा है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिनों तक कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होती रहेगी। रांची, धनबाद, बोकारो, हजारीबाग, गिरिडीह, गढ़वा, गोड्डा और चाईबासा समेत कई जिलों में 28 से 30 सितंबर तक बारिश और 30-40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
पिछले 24 घंटों में झारखंड के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई है। सबसे अधिक 117.4 मिमी वर्षा पश्चिम सिंहभूम के सोनुआ में रेकॉर्ड हुई। वहीं, गढ़वा का अधिकतम तापमान 35.4°C तक पहुंच गया, जबकि लातेहार में न्यूनतम तापमान 20.7°C दर्ज किया गया।
अंडमान सागर से नया दबाव असर डालेगा
मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि 30 सितंबर को अंडमान सागर में नया लो-प्रेशर बनने जा रहा है, जिसका असर एक अक्टूबर से झारखंड में देखने को मिलेगा। इसके चलते 1 और 2 अक्टूबर को पूर्वी और उत्तर-पूर्वी जिलों में मध्यम से भारी बारिश का पूर्वानुमान है, जबकि 3 अक्टूबर को राज्यभर में भारी वर्षा की संभावना जताई गई है।
किसानों और आम जनता को अलर्ट
अक्टूबर की शुरुआत में लगातार बारिश और हवा की तेज गति को देखते हुए मौसम विभाग ने किसानों और आम जनता को सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेषकर दुर्गापूजा पंडालों और तैयारियों को लेकर आयोजकों से सुरक्षा इंतज़ाम पुख्ता करने की अपील की गई है।












