Jharkhand News: झारखंड में एक बार फिर मॉनसून सक्रिय हो गया है. भारतीय मौसम विभाग ने राज्य के 15 जिलों के लिए शुक्रवार और शनिवार को भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. इसके साथ ही 12 अगस्त तक वज्रपात और तेज हवाओं की भी चेतावनी दी गई है.
राजधानी रांची समेत कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है. विभाग के मुताबिक, राज्य में एक से दो बार बारिश होने की आशंका है.
बीते 24 घंटे में कई जिलों में अच्छी बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान झारखंड के कई जिलों में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई. डुमरिया (पूर्वी सिंहभूम) में सबसे ज्यादा 75.2 मिमी बारिश दर्ज की गई, वहीं नामकुम (रांची) में 15.6 मिमी वर्षा हुई. मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में भी कई इलाकों में रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी.
मॉनसून फिर होगा पूरी तरह सक्रिय
मौसम विभाग ने बताया कि फिलहाल मानसून की नॉर्दर्न लिमिट ट्रफ पश्चिमोत्तर भारत के फिरोजपुर, चंडीगढ़ होते हुए हिमालय के तराई क्षेत्र और अरुणाचल प्रदेश तक फैली हुई है, जिससे झारखंड में फिलहाल बारिश थोड़ी कम हो रही है. लेकिन ट्रफ लाइन के दक्षिण की ओर खिसकने की संभावना है, जिससे आगामी तीन दिनों के बाद राज्य में मॉनसून फिर से पूरी तरह सक्रिय हो जाएगा.
read more- बिहार में डीएसपी पर SVU का बड़ा एक्शन, 1.52 करोड़ की अवैध संपत्ति जब्त!













