रामगढ़ में अवैध माइंस हादसे में चार मजदूरों की मौत के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। BJP प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने इस घटना को लेकर राज्य सरकार और जिला प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए रामगढ़ के एसपी और डीसी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने तथा दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
आदित्य साहू ने कहा कि अवैध खनन की गतिविधियां प्रशासन की जानकारी और संरक्षण के बिना संभव नहीं हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सरकार लगातार अवैध खनन रोकने के दावे कर रही है, तब भी राज्य में इस तरह की घटनाएं क्यों हो रही हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री द्वारा खनन विभाग की समीक्षा बैठक और सख्त कार्रवाई के निर्देश केवल दिखावा साबित हुए हैं। साहू ने कहा कि सरकार को यह बताना चाहिए कि समीक्षा बैठकों के बाद कितने अधिकारियों और खनन माफियाओं पर कार्रवाई की गई।
वित्त मंत्री को खुद करनी पड़ रही छापेमारी
BJP प्रदेश अध्यक्ष ने राज्य सरकार की कार्यशैली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर की बात भी पुलिस प्रशासन नहीं सुन रहा है और उन्हें स्वयं अवैध खनन के खिलाफ छापेमारी करनी पड़ रही है।
उन्होंने कहा कि इससे साफ पता चलता है कि राज्य में प्रशासनिक व्यवस्था पूरी तरह विफल हो चुकी है।
अवैध खनन को बताया सरकार के संरक्षण में चल रहा कारोबार
आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि झारखंड अवैध खनन का बड़ा केंद्र बन चुका है, जहां कोयला, बालू, पत्थर और अन्य खनिज संपदाओं की खुलेआम लूट जारी है। उन्होंने कहा कि धनबाद, संताल परगना सहित पूरे राज्य में खनन माफियाओं का नेटवर्क सक्रिय है और सरकार की कार्रवाई केवल औपचारिकता बनकर रह गई है।
उन्होंने कहा कि रामगढ़ की घटना यह सवाल खड़ा करती है कि आखिर अवैध खनन किसके संरक्षण में संचालित हो रहा था और जिम्मेदार एजेंसियां क्या कर रही थीं।
लीपापोती हुई तो आंदोलन की चेतावनी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस मामले में दोषियों पर कार्रवाई करने के बजाय सरकार लीपापोती करने का प्रयास करती है तो भाजपा राज्यव्यापी आंदोलन करेगी।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








