Ranchi: राजधानी रांची में फुटपाथ दुकानदारों को व्यवस्थित करने की कवायद शुरू हो गई है। शहर के सभी 53 वार्डों में वेंडिंग जोन और वेंडर मार्केट विकसित करने की योजना है। इसके लिए रांची नगर निगम ने जिला प्रशासन से सरकारी जमीन की सूची मांगी है।
नगर निगम के उप नगर आयुक्त ने शहर अंचल, हेहल, अरगोड़ा, बड़गाईं, नामकुम और कांके अंचल के अंचल अधिकारियों को पत्र भेजकर सरकारी जमीन का ब्योरा उपलब्ध कराने को कहा है। इसमें जमीन का रकबा और संबंधित दस्तावेज भी मांगे गए हैं, ताकि उपयुक्त जमीन चिह्नित कर वहां वेंडिंग जोन और वेंडर मार्केट विकसित करने की प्रक्रिया शुरू की जा सके।
दरअसल, शहर को अतिक्रमण मुक्त और जाम से राहत दिलाने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अधिकारियों के साथ बैठक में सभी 53 वार्डों में वेंडिंग जोन के लिए जमीन चिह्नित करने का निर्देश दिया था। मुख्यमंत्री ने दुकानदारों के रोजगार को प्रभावित किए बिना सड़क और फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त करने पर जोर दिया था।
पांच मार्केट में 1700 दुकानदार व्यवस्थित
वर्तमान में नगर निगम की ओर से शहर में पांच प्रमुख वेंडर मार्केट और वेंडिंग जोन बनाए गए हैं। इनमें अटल स्मृति वेंडर मार्केट में 463, नागाबाबा सब्जी मार्केट में 473, लालपुर डिस्टिलरी मार्केट में 300, खादगढ़ा सब्जी मंडी में 210 और मोरहाबादी वेंडर मार्केट में 220 दुकानदारों को जगह दी गई है। यानी कुल करीब 1,666 दुकानदारों को व्यवस्थित किया गया है।
हालांकि, मार्केट में जगह मिलने के बावजूद कुछ दुकानदार अब भी सड़क किनारे दुकान लगाते हैं। इससे कई इलाकों में अतिक्रमण और यातायात की समस्या बनी हुई है।
20 हजार से ज्यादा वेंडर, निगम के सर्वे में सिर्फ 6 हजार
फुटपाथ दुकानदार संघ के हालिया आंकड़ों के अनुसार रांची के 53 वार्डों में 20 हजार से अधिक फुटपाथ दुकानदार हैं। वहीं नगर निगम के सर्वे में इनकी संख्या करीब 6 हजार बताई गई है। निगम का यह सर्वे वर्ष 2016 में कराया गया था। पिछले करीब एक दशक में शहर का विस्तार होने के साथ फुटपाथ दुकानदारों की संख्या भी बढ़ी है।
वेंडिंग जोन बनने से क्या बदलेगा?
नए वेंडिंग जोन बनने से दुकानदारों को कारोबार के लिए निर्धारित जगह मिल सकेगी। इससे सड़क और फुटपाथ पर लगने वाली दुकानों को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी। प्रस्तावित बाजारों में पेयजल, शौचालय, रोशनी और कचरा संग्रह जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है।
इसके अलावा फुटपाथ खाली होने से पैदल यात्रियों को बेहतर रास्ता मिलेगा और सड़कों पर यातायात व्यवस्था में सुधार की उम्मीद है। सभी वार्डों में बाजार विकसित होने से स्थानीय लोगों को अपने आसपास ही रोजमर्रा की जरूरत का सामान मिल सकेगा।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








