Ranchi: राजधानी रांची में एक युवक की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। धुर्वा डैम के पास मिली 31 वर्षीय युवक की लाश के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद के बाद दोनों आरोपियों ने मिलकर युवक की गला घोंटकर हत्या कर दी थी। हत्या के बाद शव को झाड़ियों में फेंक दिया गया था, ताकि उसकी पहचान नहीं हो सके। हालांकि रांची पुलिस के द्वारा पूरे मामले का खुलासा कर दिया गया है। मामले में दो आरोपी भी गिरफ्तार हो चुके है। सिटी एसपी ने पुर मामले की जानकारी दी है।
धुर्वा डैम के पास झाड़ियों में मिला था शव
दरअसल, 6 नवंबर 2026 की सुबह धुर्वा थाना क्षेत्र के ग्राम सिथियो में डैम साइड स्थित झाड़ियों से एक अज्ञात युवक का शव बरामद किया गया था। शुरुआत में शव की पहचान नहीं हो सकी थी। बाद में मृतक की पहचान बिट्टू सिंह (31 वर्ष) के रूप में हुई, जो धुर्वा के शर्मा मार्केट स्थित सेक्टर-9 के रहने वाले थे। इस घटना के बाद मृतक के पिता ने धुर्वा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया। जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और मोबाइल के तकनीकी विश्लेषण के साथ गुप्त सूचना के आधार पर आरोपियों तक पहुंची। जांच में संजय कुमार सिंह और बॉबी विश्वकर्मा की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
शराब पार्टी के दौरान हुआ विवाद, फिर कर दी हत्या
पुलिस के मुताबिक, घटना वाले दिन बिट्टू सिंह के साथ दोनों आरोपियों ने शराब पार्टी की थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। आरोप है कि दोनों ने मिलकर बिट्टू सिंह के साथ मारपीट की और लकड़ी की बेंत से वार किया। इसके बाद रस्सी से गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी। पुलिस की पूछताछ में दोनों आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
हत्या में इस्तेमाल सामान और कार बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई लकड़ी की बेंत, दो मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त एक कार बरामद की है।
कंटेंट राइटर एवं रिपोर्टर, खबर मन्त्र। झारखंड के स्थानीय समाचार, महिला विकास, कला और लाइफस्टाइल खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।








