Ranchi: हरियाणा के फरीदाबाद में पार्किंग और कुत्ते को पॉटी कराने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी वारदात में बदल गया। सेक्टर-21C में टेक महिंद्रा के एशिया हेड परमजीत धनखड़ की उनके पड़ोसी ने कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी। आरोप है कि पड़ोसी मोनू शर्मा ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से उन पर करीब 15 राउंड फायरिंग की। परमजीत को नौ गोलियां लगीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
भांजे की शादी में शामिल होने के लिए फरीदाबाद आए थे परमजीत धनखड़
जानकारी के मुताबिक, परमजीत धनखड़ सिंगापुर में रहते थे। वह 5 नवंबर को अपने भांजे की 24 नवंबर को होने वाली शादी में शामिल होने के लिए फरीदाबाद स्थित घर आए थे। उनका परिवार सेक्टर-21C की बिल्डिंग नंबर 641 की पहली मंजिल पर रहता है, जबकि आरोपी मोनू शर्मा का परिवार तीसरी मंजिल पर रहता है।
पुलिस के अनुसार, दोनों परिवारों के बीच पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने और मोनू के बेटे द्वारा कुत्ते को पॉटी कराने को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। करीब चार-पांच दिन पहले भी मोनू और परमजीत के बेटे शौर्या के बीच कहासुनी हुई थी। हालांकि, उस समय मामला शांत हो गया था।
शुक्रवार रात परमजीत जिम से लौटे थे। उन्होंने अपनी तय पार्किंग में खड़ी मोनू की गाड़ी हटाने को कहा। इसी बात पर विवाद बढ़ा और आरोप है कि मोनू ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।
आरोपी अपने परिवार के साथ फरार
वारदात के बाद आरोपी अपने परिवार के साथ फरार हो गया। बेटे शौर्या की सूचना पर पहुंची पुलिस को घटनास्थल से कारतूसों के खोल मिले। पुलिस ने शौर्या की शिकायत पर मोनू शर्मा उर्फ मोहन, उसकी पत्नी दिव्या, बेटे मयंक, बेटी नैना और भाई हेतराम के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच और आरोपियों की तलाश में जुटी है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








