Ranchi: झारखंड अभियंत्रण सेवा संघ (JESA) की ओर से मंगलवार को रांची में 59वें इंजीनियर्स डे के मौके पर समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भारत रत्न मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया की 165वीं जयंती भी मनाई गई। समारोह में ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह बतौर विशिष्ट अतिथि शामिल हुईं।
कार्यक्रम में मंत्री ने एम. विश्वेश्वरैया को श्रद्धांजलि देते हुए उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि देश के निर्माण और विकास में इंजीनियरों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। झारखंड में भी ऐसी मजबूत और टिकाऊ संरचनाएं तैयार करने की जरूरत है, जो लंबे समय तक लोगों के काम आएं।
100 साल बाद भी याद किए जाएं निर्माण कार्य
दीपिका पांडेय सिंह ने इंजीनियरों से निर्माण कार्यों में गुणवत्ता को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि झारखंड में ऐसी संरचनाएं तैयार होनी चाहिए, जिनकी चर्चा 100 साल बाद भी हो।
उन्होंने कहा कि राज्य में प्राकृतिक आपदाओं का खतरा अपेक्षाकृत कम है। ऐसे में यहां बनने वाली सरकारी और सार्वजनिक संरचनाओं में मजबूती, गुणवत्ता और लंबे समय तक उपयोगिता का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।
समय पर पूरा हो विकास कार्य
मंत्री ने इंजीनियरों से अनुशासन, तकनीकी दक्षता और समयबद्धता को प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने कहा कि विकास योजनाएं तय समय सीमा में पूरी हों और निर्माण की गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाए।
उन्होंने DPR तैयार करने के दौरान तकनीकी पहलुओं का गंभीरता से अध्ययन करने पर भी जोर दिया, ताकि योजना शुरू होने के बाद बार-बार उसमें बदलाव या संशोधन की जरूरत न पड़े।
इंजीनियरों की मांगों पर सरकार करेगी पहल
दीपिका पांडेय सिंह ने झारखंड अभियंत्रण सेवा संघ की ओर से रखी गई मांगों को जायज बताते हुए कहा कि सरकार इनके समाधान की दिशा में आवश्यक पहल करेगी। उन्होंने वाहन की जरूरत और तकनीकी प्रशिक्षण समेत अन्य विषयों पर भी सकारात्मक रुख का भरोसा दिया।
मंत्री ने कहा कि झारखंड के इंजीनियरों में प्रतिभा और तकनीकी क्षमता की कमी नहीं है। जरूरत उनके अनुभव और विशेषज्ञता का बेहतर इस्तेमाल करने की है, ताकि राज्य में ऐसी विशिष्ट और गुणवत्तापूर्ण संरचनाएं तैयार हों जिन्हें देखने के लिए दूसरे राज्यों से भी लोग झारखंड आएं।
विश्वेश्वरैया के कार्यों से प्रेरणा लेने की अपील
मंत्री ने कहा कि एम. विश्वेश्वरैया की कार्य संस्कृति, अनुशासन, तकनीकी दक्षता और राष्ट्र निर्माण की भावना आज भी इंजीनियरों के लिए प्रेरणा है। उनके आदर्शों से सीख लेकर झारखंड में विकास कार्यों को नई दिशा दी जा सकती है।
समारोह के दौरान इंजीनियरिंग क्षेत्र में बेहतर योगदान देने वाले अभियंताओं और तकनीकी कर्मियों के कार्यों को भी याद किया गया।
कार्यक्रम में झारखंड सरकार के मंत्री योगेंद्र प्रसाद और हफीजुल हसन, विभागीय सचिव, झारखंड अभियंत्रण सेवा संघ के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में अभियंता मौजूद रहे।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









