Jharkhand News: राजधानी रांची को चार दशक पुराने जाम से राहत मिलने वाली है. झारखंड की राजधानी रांची का पहला एलिवेटेड कॉरिडोर बनकर तैयार हो गया है और 19 जून को केंद्रीय सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी इसका उद्घाटन करेंगे. यह परियोजना रांचीवासियों को भीषण ट्रैफिक जाम से स्थायी राहत देने वाली है, जो पिछले 40 वर्षों से एक बड़ी समस्या बनी हुई थी.
3.76 किमी का सफर अब होगा बेफिक्र
राष्ट्रीय राजमार्ग-75 (पंडरा रोड) के हेहल डाकघर से लेकर NH-23 (इटकी रोड) के सिटी अस्पताल तक फैले इस कॉरिडोर की कुल लंबाई 3.76 किलोमीटर है. इस पूरे कॉरिडोर को 102 मजबूत पिलरों पर खड़ा किया गया है. 14 पिलर विशेष रूप से इटकी रोड पर तैयार किए गए हैं. रैंप की व्यवस्था केवल चढ़ाई के लिए पंडरा रोड की ओर और उतरने के लिए इटकी रोड की ओर की गई है. परियोजना का निर्माण KCC बिल्डकॉन द्वारा किया गया है. सर्विस रोड का काम भी अंतिम चरण में है.
नितिन गडकरी से मिले संजय सेठ
हालांकि परियोजना का कार्य जनवरी में पूरा किया जाना था, लेकिन कुछ कारणों से समय सीमा बढ़ाई गई और अब इसका कार्य अंतिम चरण में है. इस बीच रांची सांसद और केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने नितिन गडकरी से भेंट कर उन्हें प्रगति से अवगत कराया और उद्घाटन के लिए आमंत्रित किया. इस दौरान संजय सेठ ने कहा कि “यह सिर्फ एक निर्माण परियोजना नहीं है, बल्कि रांची के लाखों नागरिकों को सुविधा और सम्मान देने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है.”
read more- Aaj Ka Rashifal 3 जून 2025: सभी राशियों के लिए दैनिक भविष्यवाणी
40 साल पुराना ट्रैफिक संकट अब होगा खत्म
रातू रोड में पिछले चार दशकों से ट्रैफिक जाम एक सामान्य बात थी. कभी-कभी एक से डेढ़ किलोमीटर का रास्ता तय करने में एक घंटे से अधिक का समय लग जाता था. एंबुलेंस तक फंस जाया करती थीं. अब इस एलिवेटेड कॉरिडोर के चालू होते ही लाखों लोगों को राहत मिलेगी और रांची की ट्रैफिक व्यवस्था को नया आयाम मिलेगा.













