Ranchi: धुर्वा डैम में शव मिलने से मचा हड़कंप, कई दिन पुराना होने की आशंका
Ranchi News: रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित हटिया डैम से रविवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। पढ़ें पूरी खबर।
Ranchi: राजधानी रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित हटिया (धुर्वा) डैम से रविवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। शव डैम के उस हिस्से में पानी के बीच मिला, जहां हर साल धार्मिक आयोजनों के दौरान मूर्तियों का विसर्जन किया जाता है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
स्थानीय लोगों की नजर पड़ते ही पुलिस को दी गई सूचना
मिली जानकारी को अनुसार रविवार सुबह डैम के किनारे मौजूद कुछ लोगों ने जलकुंभी के बीच एक शव को तैरता हुआ देखा। पहले लोगों को संदेह हुआ, लेकिन पास जाकर देखने पर मामला गंभीर प्रतीत हुआ। जिसके बाद तत्काल धुर्वा थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला गया।
डैम से शव बरामद होने की खबर फैलते ही आसपास के क्षेत्रों के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करते हुए मौके का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की। घटनास्थल की वीडियोग्राफी और अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी की गई।
कई दिन पुराना लग रहा है शव
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि शव कई दिन पुराना हो सकता है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि व्यक्ति की मौत डूबने से हुई या किसी अन्य स्थान पर घटना के बाद शव को डैम में फेंका गया। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
मृतक की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों का मिलान कर रही है। इसके अलावा मृतक की पहचान के लिए अन्य जिलों की पुलिस से भी संपर्क किया जा रहा है, ताकि जल्द से जल्द शव की शिनाख्त हो सके।
Ranchi: पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद सामने आएगी मौत की वजह
पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स, रांची भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल धुर्वा थाना पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें: Koderma: देह व्यापार की सूचना पर होटल में पुलिस की रेड, 3 जोड़े हिरासत में