Ranchi News: महिला हॉकी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने वाली Women’s Hockey India League (WHIL) का दूसरा सीजन आज से रांची में शुरू हो रहा है। यह टूर्नामेंट 28 दिसंबर से 10 जनवरी तक चलेगा और इसके सभी मुकाबले मरांग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे। 14 दिनों तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में देश और विदेश की दिग्गज महिला खिलाड़ी अपनी हॉकी स्किल का शानदार प्रदर्शन करेंगी।
उद्घाटन मुकाबले में मेजबान रांची रॉयल्स और एसजी पाइपर्स की टीमें आमने-सामने होंगी। पहले सीजन की बड़ी सफलता के बाद इस बार भी दर्शकों को तेज रफ्तार, आक्रामक और रोमांचक हॉकी देखने को मिलेगी।
उद्घाटन समारोह में दिखेगा बॉलीवुड का रंग
लीग के उद्घाटन अवसर पर 2017 की मिस वर्ल्ड और बॉलीवुड अभिनेत्री मानुषी छिल्लर अपनी खास प्रस्तुति देंगी। वहीं, मुख्यमंत्री की पत्नी एवं गांडेय विधायक कल्पना सोरेन उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।
चार टीमें, 56 खिलाड़ी और 12 लीग मुकाबले
Women’s Hockey India League में इस बार कुल चार फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा ले रही हैं। 12 लीग मुकाबलों के बाद शीर्ष दो टीमें फाइनल में भिड़ेंगी और चैंपियन ट्रॉफी के लिए मुकाबला करेंगी। टूर्नामेंट में कुल 56 खिलाड़ी स्टिक से अपना जादू दिखाएंगी।
आज का मुकाबला: जानें जरूरी जानकारी
- मैच: रांची रॉयल्स बनाम एसजी पाइपर्स
- समय: शाम 7:30 बजे से
- रांची रॉयल्स की कप्तान: निक्की प्रधान
- एसजी पाइपर्स की कप्तान: नवनीत कौर
दर्शकों के लिए एंट्री और टिकट की जानकारी
- स्टेडियम में प्रवेश: शाम 5 बजे से
- टिकट: पूरी तरह निःशुल्क (मोबाइल ऐप से ई-टिकट अनिवार्य)
- आम दर्शकों की एंट्री: करमटोली के आगे प्रेस क्लब के बगल वाले गेट से
- वीआईपी एंट्री: वाटिका के सामने गेट नंबर-1
- बीवीआईपी एंट्री: गेट नंबर-2
स्टेडियम में इन चीजों पर प्रतिबंध
स्टेडियम में बोतल, खाने का सामान, लोहे की वस्तुएं, गुटखा, तंबाकू पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगी। दर्शक केवल मोबाइल फोन साथ ले जा सकेंगे।
पार्किंग व्यवस्था
आम दर्शक अपने प्रवेश गेट के पास बनी पार्किंग में वाहन खड़े कर सकेंगे, जबकि वीआईपी, बीवीआईपी और मीडिया के लिए अलग से कार पास जारी किए जाएंगे।
संवाददाता, खबर मन्त्र। रांची और आसपास के ग्रामीण अंचलों की नागरिक समस्याएं, मौसम, सड़क हादसे और स्थानीय हलचल की ग्राउंड रिपोर्टिंग।








