Ranchi: राजधानी Ranchi में जमीन और ट्रेडिंग बिजनेस में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर एक गरीब महिला से 4.94 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर धुर्वा थाना में प्रभात कुमार पाठक उर्फ सोनू और उसकी मां मंजू देवी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोप है कि दोनों ने सुनियोजित तरीके से महिला को विश्वास में लेकर पैसे ऐंठे और बाद में जान से मारने की धमकी भी दी।
सब्जी बेचकर जोड़े थे पैसे, झांसे में आकर गंवाई जीवनभर की कमाई
कोकर निवासी संगीता कुमारी ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि वर्ष 2025 में उनकी मुलाकात मकान मालकिन के माध्यम से प्रभात कुमार पाठक से हुई थी। प्रभात और उसकी मां मंजू देवी ने उन्हें जमीन खरीदने का प्रस्ताव दिया और भरोसा दिलाया कि निवेश पर अच्छा लाभ मिलेगा।
परिवार की इकलौती कमाऊ सदस्य संगीता ने अपनी मेहनत की कमाई से 20 हजार रुपये ऑनलाइन और 4 लाख 74 हजार रुपये नकद, कुल 4.94 लाख रुपये आरोपियों को दिए। इस संबंध में एग्रीमेंट भी किया गया था।
पैसे मांगने पर ट्रेडिंग बिजनेस का दिया लालच, चेक भी हुआ बाउंस
पीड़िता के अनुसार जब जमीन का काम आगे नहीं बढ़ा तो उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे। इस पर आरोपी ने बहाने बनाने शुरू कर दिए। बाद में प्रभात ने दावा किया कि वह ट्रेडिंग का कारोबार करता है और निवेश पर बड़ा मुनाफा दिला देगा।
काफी दबाव के बाद आरोपी ने भुगतान के लिए बैंक का चेक दिया, लेकिन बैंक में प्रस्तुत करने पर चेक बाउंस हो गया। इसके बाद पीड़िता को लगातार टालमटोल का सामना करना पड़ा।
धमकी देकर रांची छोड़ने को किया मजबूर
एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि जब संगीता ने अपने पैसे वापस लेने के लिए सख्ती दिखाई तो प्रभात कुमार पाठक और उसकी मां मंजू देवी ने उन्हें धमकाना शुरू कर दिया। आरोपियों ने कथित तौर पर राजनीतिक पहुंच और रसूख का हवाला देते हुए झूठे मुकदमों में फंसाने और हत्या करवाने तक की धमकी दी।
डर के माहौल के कारण पीड़िता अपने परिवार के साथ रांची छोड़कर हजारीबाग चली गई।
‘भुखमरी की कगार पर पहुंच गया परिवार’
संगीता कुमारी ने अपनी शिकायत में कहा है कि वह सब्जी बेचकर पूरे परिवार का पालन-पोषण करती हैं और परिवार पूरी तरह उन पर निर्भर है। ठगी की इस घटना के बाद उनकी आर्थिक स्थिति पूरी तरह चरमरा गई है और परिवार भुखमरी की स्थिति में पहुंच गया है। उन्होंने यह भी कहा कि मानसिक तनाव और लगातार मिल रही धमकियों के कारण कई बार उनके मन में आत्महत्या तक के विचार आ चुके हैं।
पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis









