Ranchi: राजधानी रांची के धुर्वा स्थित ऐतिहासिक Jagannathpur मंदिर में आयोजित होने वाले प्रसिद्ध रथ मेला की नीलामी इस वर्ष रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है। मेला संचालन के लिए 2 करोड़ 27 लाख रुपये की सबसे ऊंची बोली लगी है, जो अब तक की सर्वाधिक बोली है। रथ मेला को लेकर मंदिर प्रशासन और जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस वर्ष भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा 16 जुलाई 2026 (गुरुवार) को निकलेगी, जिसके साथ ही 10 दिवसीय ऐतिहासिक रथ मेला शुरू होगा। हर वर्ष इस मेले में झारखंड समेत पड़ोसी राज्यों से लाखों श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। रथ यात्रा से पहले धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम भी जारी है।
29 जून को भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा का पारंपरिक देव स्नान (स्नान यात्रा) 108 कलशों के पवित्र जल और औषधीय द्रव्यों से संपन्न कराया गया। इसके बाद तीनों विग्रह 15 दिनों के लिए अनवसर (विश्राम) काल में हैं। इस दौरान श्रद्धालुओं के लिए मंदिर में उनके दर्शन बंद रहेंगे। 15 जुलाई को नेत्रोत्सव (नेत्रदान) अनुष्ठान के बाद भगवान के दर्शन फिर से शुरू होंगे और अगले दिन 16 जुलाई को भव्य रथ यात्रा निकलेगी। अगर पिछले वर्षों की नीलामी पर नजर डालें तो इस बार की बोली ने नया इतिहास रच दिया है। वर्ष 2026 में 2 करोड़ 27 लाख रुपये, 2025 में 51 लाख रुपये, 2024 में 1 करोड़ 92 लाख रुपये और 2023 में 75 लाख रुपये की बोली लगी थी।
इससे स्पष्ट है कि इस बार मेले के संचालन को लेकर कारोबारियों में काफी उत्साह और प्रतिस्पर्धा रही। जगन्नाथपुर रथ मेला झारखंड के सबसे बड़े धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों में से एक माना जाता है। धार्मिक आस्था के साथ-साथ यह मेला स्थानीय व्यापार, हस्तशिल्प, खान-पान और छोटे कारोबारियों के लिए भी महत्वपूर्ण अवसर लेकर आता है। प्रशासन को इस वर्ष भी लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis











