Ranchi News: राजधानी रांची में राजभवन के सामने स्थित जाकिर हुसैन पार्क के पास धरना स्थल को अब शिफ्ट किया जा रहा है। जिला प्रशासन और नगर निगम ने फैसला लिया है कि धरना स्थल को जाकिर हुसैन पार्क से हटाकर वेजिटेबल मार्केट के पास स्थानांतरित किया जाएगा। आगामी 3-4 दिनों में यह प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। इसके बाद प्रदर्शनकारियों को अपनी मांगों को लेकर वेजिटेबल मार्केट के पास ही धरना देने की अनुमति होगी।
एसडीओ ने किया वेजिटेबल मार्केट का निरीक्षण
उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश पर सोमवार को एसडीओ उत्कर्ष कुमार ने जाकिर हुसैन पार्क और वेजिटेबल मार्केट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वहां पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित करते हुए धरना के लिए उपयुक्त स्थान चिह्नित किया जाए।
जाम की समस्या और अतिक्रमण हटाने के बाद लिया गया फैसला
एसडीओ उत्कर्ष ने बताया कि पिछले 15 दिनों से धरना स्थल को शिफ्ट करने की प्रक्रिया चल रही थी। जाकिर हुसैन पार्क से कचहरी चौक तक नगर निगम और जिला प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से अतिक्रमण हटाने का अभियान भी चलाया गया। फ्लाईओवर चालू होने के बाद उस क्षेत्र में जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही थी, जिसे देखते हुए धरना स्थल को शिफ्ट करने का निर्णय लिया गया।
Read More: 22 जुलाई राशिफल: जानें मंगला गौरी व्रत पर आपकी राशि का हाल
अब नए स्थान पर होंगे धरना-प्रदर्शन
नई व्यवस्था के अनुसार, जनता अपनी समस्याओं और मांगों को लेकर अब वेजिटेबल मार्केट के पास धरना प्रदर्शन कर सकेगी। प्रशासन का मानना है कि इस फैसले से राजभवन और जाकिर हुसैन पार्क के आसपास ट्रैफिक दबाव कम होगा और शहर की यातायात व्यवस्था बेहतर होगी।












