Jharkhand News: आगामी बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र अवैध शराब की तस्करी पर रोक लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ऑपरेशन “सतर्क” के तहत रविवार को आरपीएफ कोडरमा ने बड़ी कार्रवाई की है।
निरीक्षक प्रभारी/कोडरमा के निर्देशन में उनि जितेंद्र कुमार के नेतृत्व में आरक्षी रंजीत सिंह एवं अंकेश कुमार सहित टीम ने ट्रेन संख्या 13553 अप आसनसोल–वाराणसी पैसेंजर में कोडरमा से गुरपा स्टेशन तक सघन जांच अभियान चलाया।
जांच के दौरान लालबाग हॉल्ट के पास कोच संख्या ER 198911 के बाथरूम से पांच थैलों में रखी कुल 195 बोतल अंग्रेजी शराब/बियर (90,385 एमएल) एवं एक बोरे में 30,000 एमएल देशी महुआ शराब बरामद की गई।
मौके पर पूछताछ में किसी ने भी शराब पर मालिकाना हक नहीं जताया। इसके बाद उनि जितेंद्र कुमार द्वारा उपलब्ध गवाहों की उपस्थिति में सभी शराब को जब्त कर आरपीएफ पोस्ट कोडरमा लाया गया एवं उत्पाद विभाग को सुपुर्दगी हेतु सुरक्षित रखा गया।
बरामद शराब का कुल परिमाण 1,20,385 एमएल तथा अनुमानित मूल्य ₹75,210/- आँका गया है।
यह कार्रवाई चुनाव पूर्व अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में आरपीएफ की बड़ी सफलता मानी जा रही है। आरपीएफ प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि चुनाव के मद्देनज़र रेलवे क्षेत्र में अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए निरंतर अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है तथा ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी













