Khunti: खूंटी जिले में संत मिखाइल स्कूल परिसर में फादर बेनेदिक बारला उर्फ फादर बेनी पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। अज्ञात हमलावरों ने स्कूल में घुसकर उन पर हमला किया। घायल फादर को पहले सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, फिलहाल उनकी हालत स्थिर है।
फादर बेनेदिक अपने कमरे में बेहोश पड़े मिले थे
स्कूल के फादर अनिल कुमार होरो ने बताया कि बुधवार सुबह उन्हें सूचना मिली कि फादर बेनेदिक अपने कमरे में बेहोश पड़े हैं। मौके पर पहुंचने पर कमरे का सामान अस्त-व्यस्त मिला। इसके बाद फादर निकोलस और संजय सोरेंग की मदद से उन्हें खूंटी सदर अस्पताल पहुंचाया गया। फादर बेनेदिक वर्ष 2009 से संत मिखाइल स्कूल में सेवा दे रहे हैं।
फादर अनिल कुमार होरो ने आशंका जताई कि घटना देर रात या सुबह-सुबह हुई होगी। हालांकि, हमला किस हथियार से किया गया, यह मेडिकल जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
सीसीटीवी कैमरों के आधार पर जांच में जुटी टीम
घटना की सूचना मिलने पर खूंटी एसपी ऋषभ गर्ग, डीएसपी मंगल सिंह जामुदा और थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। एसपी ने बताया कि सुबह करीब नौ बजे घटना की सूचना मिली थी। घायल फादर को प्राथमिक उपचार के बाद सुरक्षा के बीच रिम्स भेजा गया।
पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, चोट की प्रकृति और हमले में इस्तेमाल हथियार की जानकारी विस्तृत इंजरी रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। फिलहाल हमलावरों की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








