KhabarMantra: राजस्केथान कोटा जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. खाटीखेड़ा गांव में एक शादी समारोह के दौरान घोड़ी पर सवार दूल्हे पर चाकू से जानलेवा हमला किया गया. इस हमले में 25 वर्षीय दूल्हे लक्ष्मी नारायण की पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं. घायल अवस्था में उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है.
घटना शुक्रवार रात की है, जब लक्ष्मी नारायण बारात लेकर दुल्हन के घर की ओर जा रहा था. तभी विष्णु बैरवा नामक युवक अपने कुछ साथियों के साथ पीछे से आया और घोड़ी पर बैठे दूल्हे पर चाकू से हमला कर दिया.
देवलीमांजी थाना प्रभारी सुरेश कुमार मीना ने बताया कि इस हमले में दूल्हे की पीठ पर गंभीर घाव हुए हैं. हमले के बाद हुए हंगामे में दूल्हे के परिवार के कुछ अन्य सदस्य भी घायल हो गए.
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पीड़ित परिवार की शिकायत पर विष्णु बैरवा और उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धाराओं 109 (हत्या का प्रयास), 126 (रास्ता रोकना) और 115 (जानबूझकर चोट पहुंचाना) के तहत मामला दर्ज किया गया है. थाना प्रभारी के अनुसार, आरोपी और पीड़ित दोनों एक ही समुदाय से संबंध रखते हैं, लेकिन हमले के पीछे की वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाई है. फिलहाल पुलिस जांच में जुटी हुई है.
परिवार ने बताया घटना का हाल
नारायण के भाई नवीन ने बताया, “हमले के बाद मेरा भाई घोड़ी से नीचे गिर पड़ा. हम उसे तुरंत अस्पताल लेकर गए. डॉक्टर उसका इलाज कर रहे हैं.” यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई है. लोगों का कहना है कि शादी जैसे शुभ अवसर पर इस तरह का जानलेवा हमला करना यह दिखाता है कि हमलावरों को कानून का कोई भय नहीं है.अब सभी की निगाहें पुलिस की जांच और कार्रवाई पर टिकी हैं, ताकि हमले के पीछे की असली वजह सामने आ सके और दोषियों को सजा मिल सके.









