Dhanbad: कोयलांचल के प्रभावशाली राजनीतिक घरानों में शामिल सिंह मेंशन पर हुए बम धमाके के बाद पूरे शहर में दहशत का माहौल है। घटना के कुछ ही घंटों के भीतर सोशल मीडिया पर एक धमकी भरा पर्चा वायरल हुआ, जिसमें अमन सिंह गिरोह के नाम पर हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया। पर्चे में जेल में हुई अमन सिंह की हत्या का बदला लेने की बात कहते हुए तीखी और डराने वाली भाषा का इस्तेमाल किया गया है।
वायरल पर्चे में लिखा गया है कि “जिस धरती पर अमन का खून बहा है, उसे बंजर कर देंगे।” इस दावे ने पुलिस-प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। घटना के बाद से धनबाद में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और शहर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। वरीय अधिकारी खुद मामले की निगरानी कर रहे हैं।
Read More: रांची लालपुर: मामूली झगड़ा बुजुर्ग की मौत तक कैसे पहुंच गया?
इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आशीष शुक्ल उर्फ सत्यम नामक व्यक्ति ने पर्चे में किए गए दावे को सिरे से खारिज किया है। वीडियो में वह कहता है कि पर्चा जारी करने वाला शंकर सिंह फर्जी है और उसका अमन सिंह गिरोह से कोई संबंध नहीं है। आशीष शुक्ल ने दावा किया कि शंकर सिंह पहले भी अमन सिंह गैंग से जुड़ा नहीं रहा है और अमन सिंह का नाम बेच रहा है।
वीडियो में आगे कहा गया है कि अमन सिंह और अमन साहू एक थे और उनके न रहने के बाद सत्यम शुक्ला गैंग और राहुल दुबे गैंग एक साथ हैं। उसने कोयलांचल में “बदला दिखाने” की बात भी कही है, जबकि अशोक सिंह को भी गैंग से किसी तरह का संबंध न होने का दावा किया गया है।
फिलहाल पुलिस वायरल पर्चे और वीडियो—दोनों की सत्यता की जांच कर रही है। साइबर सेल को भी अलर्ट पर रखा गया है। अधिकारियों का कहना है कि अफवाहों और सोशल मीडिया पर फैल रहे भ्रामक दावों पर भरोसा न करें; दोषियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








