Ranchi: राजधानी रांची के लालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लोवर वर्द्धमान कंपाउंड धोबी घाट में मामूली कहासुनी ने खूनी रूप ले लिया। पड़ोसियों के साथ हुए विवाद में एक बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पिता-पुत्र समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतक की पहचान मधेश्वर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, 31 जनवरी की रात करीब 8 बजे मधेश्वर सिंह टहलने निकले थे। इसी दौरान पड़ोसी अमन कच्छप और अनिकेत कच्छप से किसी बात को लेकर उनकी कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ते ही दोनों भाइयों ने अपने पिता मुन्ना कच्छप को मौके पर बुला लिया।
बातचीत से मारपीट और फिर हत्या
तीनों आरोपियों ने मिलकर मधेश्वर सिंह के साथ जमकर मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
आधे घंटे में गिरफ्तारी, फिर भी सड़क जाम
घटना के बाद पुलिस ने तेजी दिखाते हुए आधे घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। बावजूद इसके, अगले दिन मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव को सड़क पर रखकर लालपुर चौक जाम कर दिया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्वरित कार्रवाई के बावजूद सड़क जाम करना उचित नहीं था। इस मामले में जाम करने वालों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
केस दर्ज
पुलिस ने इस मामले में लालपुर थाना कांड संख्या 21/26 दर्ज कर लिया है। तीनों आरोपी—
- मुन्ना कच्छप (पिता)
- अमन कच्छप (पुत्र)
- अनिकेत कच्छप (पुत्र)
फिलहाल पुलिस हिरासत में हैं और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।












