राँची: आज के डिजिटल दौर में सोशल मीडिया पर बनी दोस्ती कभी-कभी खतरनाक साबित हो सकती है। राजधानी राँची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र के पुंदाग रोड निवासी संदीप पाटिल इसी जाल में फँस गए। जमशेदपुर की रहने वाली सपना सोना नामक महिला ने उन्हें दोस्ती के बहाने इतना भरोसा दिलाया कि देखते ही देखते संदीप को 1.45 करोड़ रुपये से ज्यादा का नुकसान झेलना पड़ा।
read more: अंबा प्रसाद के भाई अंकित राज पर बड़ी कार्रवाई, ईडी ने जब्त की 3 करोड़ की संपत्ति
2022 में सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी दोस्ती
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, वर्ष 2022 में संदीप की मुलाकात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सपना सोना से हुई थी। बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ और धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने लगीं। महिला ने न केवल संदीप से बल्कि उनके परिवार से भी अच्छे रिश्ते बना लिए। संदीप का कहना है कि सपना ने पहले भावनात्मक रूप से करीब लाकर विश्वास जीत लिया, फिर धीरे-धीरे ठगी का खेल शुरू कर दिया।
read more: असम्मानजनक आचरण के आरोप में चुटिया थाना प्रभारी निलंबित
अरगोड़ा थाना में मामला दर्ज
पीड़ित के अनुसार, महिला ने संबंधों का लाभ उठाकर बार-बार पैसों की माँग की। कभी किसी संकट का बहाना, तो कभी निवेश और मदद का हवाला देकर बड़ी रकम हड़पी। संदीप का आरोप है कि जैसे-जैसे रकम बढ़ती गई, सपना ने उन पर मानसिक दबाव और भयादोहन भी करना शुरू कर दिया। अंततः कुल मिलाकर लगभग 1.45 करोड़ रुपये और कुछ कीमती संपत्ति महिला ने अपने कब्ज़े में ले ली। जब संदीप को ठगी का एहसास हुआ, तो उन्होंने साहस जुटाकर अरगोड़ा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है।













