Jharkhand News: झारखंड में लंबित छात्रवृत्ति भुगतान को लेकर छात्रों का विरोध तेज, AJSU की छात्र इकाई के नेतृत्व में बड़ी संख्या में छात्रों ने मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका से राजभवन तक पैदल मार्च निकाला। छात्रों का आरोप है कि पिछले डेढ़ से दो साल से छात्रवृत्ति जारी नहीं की गई है, जिससे उनकी शिक्षा गंभीर रूप से प्रभावित हो रही है।
संगठन के प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा ने कहा कि सरकार छात्रों की समस्याओं को लगातार नजरअंदाज कर रही है, जबकि अनेक छात्र अपनी पढ़ाई पूरी तरह से छात्रवृत्ति पर निर्भर हैं। अपनी मजबूरी दिखाने के लिए छात्रों ने कटोरा लेकर सड़क पर उतरकर शिक्षा के लिए भिक्षा मांगने का प्रतीकात्मक प्रदर्शन भी किया।
कार्यकारी अध्यक्ष बबलू महतो ने बताया कि जब छात्र कल्याण विभाग के अधिकारियों से मिलने पहुंचे, तो उनसे बातचीत तक नहीं की गई। उनका कहना है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कई छात्रों को हिरासत में ले लिया, जो सरकार की असंवेदनशीलता को दर्शाता है।
छात्रों का कहना है कि जब सरकार अन्य योजनाओं का भुगतान समय पर कर सकती है, तो छात्रवृत्ति में इतनी देरी क्यों? कई छात्रों ने बताया कि फीस भरने के लिए उन्हें कर्ज लेना पड़ रहा है और यदि जल्द भुगतान नहीं हुआ, तो कई गरीब छात्रों को पढ़ाई छोड़ने की नौबत आ सकती है।
Read more- एयर इंडिया एक्सप्रेस पर भड़के मोहम्मद सिराज, सोशल मीडिया पर जताई नाराजगी
राजभवन तक निकाले गए मार्च में छात्रों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाज़ी की और चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला, तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा। फिलहाल सभी की निगाहें इस बात पर हैं कि राज्य सरकार इस गंभीर मुद्दे पर क्या कदम उठाती है।













