Ranchi: झारखंड में दो राज्यसभा सीटों के लिए होने वाले चुनाव को लेकर जुबानी जंग तेज हो गई है। निर्दलीय उम्मीदवार और उद्योगपति परिमल नथवाणी को बीजेपी द्वारा समर्थन दिए जाने के संकेत पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने बेहद तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। कांग्रेस के प्रदेश मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने भाजपा के इस फैसले को लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ बताते हुए इसे “थैलीशाही” और धनबल की राजनीति को बढ़ावा देने वाला कदम करार दिया है।
‘बीजेपी को अपने ही नेताओं और संगठन पर भरोसा नहीं’
कांग्रेस नेता राकेश सिन्हा ने बीजेपी को घेरते हुए कहा कि यह निर्णय इस बात का साफ सबूत है कि भाजपा को अब अपने ही नेताओं, कार्यकर्ताओं और संगठन पर भरोसा नहीं रह गया है।
उन्होंने कहा, “जो पार्टी देश और राज्य में खुद को सबसे बड़ा संगठन होने का दावा करती है, वह राज्यसभा चुनाव में अपना खुद का उम्मीदवार खड़ा करने की हिम्मत क्यों नहीं जुटा पाई? एक निर्दलीय उम्मीदवार के पीछे खड़े होना भाजपा के आत्मविश्वास की कमी और राजनीतिक दिवालियापन को उजागर करता है।”
विचारधारा की बात करने वाली बीजेपी का दिखा दोहरा चरित्र: कांग्रेस
राकेश सिन्हा ने आरोप लगाया कि भाजपा हमेशा विचारधारा और सिद्धांतों की राजनीति का ढोल पीटती है, लेकिन जब बात व्यवहार की आती है, तो वह धनबल और रसूखदार लोगों के सहारे राजनीतिक फायदा उठाने में लग जाती है।
उन्होंने कहा कि राज्यसभा जैसी देश की सर्वोच्च और गरिमामयी संस्था में किसी निर्दलीय धनकुबेर को समर्थन देने से यह संदेश जाता है कि बीजेपी को जमीन पर संघर्ष करने वाले समर्पित कार्यकर्ताओं की कोई कद्र नहीं है। वह केवल संसाधन संपन्न लोगों को तवज्जो दे रही है।
कार्यकर्ताओं का अपमान और ‘कथनी-करनी’ में अंतर
कांग्रेस ने सीधे तौर पर सवाल उठाया कि भाजपा को झारखंड की जनता और अपने कार्यकर्ताओं को जवाब देना चाहिए कि आखिर उसके पास ऐसा कौन-सा चेहरा नहीं था, जिसे वह राज्यसभा भेज सके। यह फैसला उन हजारों कार्यकर्ताओं का अपमान है जो सालों से पार्टी के लिए पसीना बहा रहे हैं।
राकेश सिन्हा ने कहा कि लोकतंत्र में असली ताकत जनता का विश्वास और कार्यकर्ता होते हैं, न कि धनबल का प्रदर्शन। उन्होंने भरोसा जताया कि झारखंड के जनप्रतिनिधि इस धनबल की राजनीति को नकारेंगे और लोकतांत्रिक मूल्यों व जनहित को प्राथमिकता देंगे।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









