Bihar News: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए जहानाबाद में तैनात डीएसपी संजीव कुमार पर शिकंजा कस दिया है. आरोप है कि उन्होंने अपनी वैध आय से करीब 1 करोड़ 52 लाख रुपये अधिक की संपत्ति अर्जित की है.
शुक्रवार सुबह SVU की टीम ने पटना, जहानाबाद और खगड़िया में एक साथ छापेमारी की, जिससे बिहार पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया.
पुख्ता सबूतों के आधार पर कार्रवाई
सूत्रों की मानें तो डीएसपी संजीव कुमार ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए अवैध रूप से करोड़ों की संपत्ति जुटाई. निगरानी इकाई ने पहले से ही इस मामले में ठोस सबूत इकट्ठा कर लिए थे, जिसके आधार पर यह छापेमारी की गई.
टीम का कहना है कि अभी ऑपरेशन शुरुआती चरण में है, और बरामद दस्तावेजों और संपत्तियों का आकलन जारी है.
खुद SVU ने दर्ज किया केस
इस मामले में निगरानी थाना, पटना (Patna Vigilance) में SVU ने स्वयं केस दर्ज किया है. छापेमारी की संवेदनशीलता को देखते हुए कोई अधिकारी आधिकारिक बयान देने से बच रहा है, लेकिन जांच एजेंसी का कहना है कि ऑपरेशन पूरा होने के बाद संपत्ति और दस्तावेजों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी.
डीएसपी रैंक के अफसर पर अब तक की सबसे बड़ी रेड
इस कार्रवाई को बिहार पुलिस महकमे में एक मिसाल माना जा रहा है, क्योंकि यह हाल के महीनों में किसी डीएसपी रैंक के अधिकारी पर हुई सबसे बड़ी छापेमारी है. फिलहाल SVU टीम डीएसपी की बैंक डिटेल्स, ज़मीन-जायदाद और निवेश की जांच में जुटी है.
read more- झारखंड में बारिश की वापसी! 15 जिलों में येलो अलर्ट, वज्रपात का खतरा













