Jharkhand News: झारखंड में ठंड एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। रांची, जमशेदपुर, चाईबासा और बोकारो सहित राज्य के कई जिलों में फिलहाल न्यूनतम तापमान 13 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। हालांकि, मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि अगले दो दिनों में तापमान में 4 से 5 डिग्री तक कमी आ सकती है, जिससे ठंड और भी कड़ाके की हो जाएगी।
हवाओं की रफ्तार बढ़ी
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिमी हवाएं अब अधिक सक्रिय हो गई हैं। इन हवाओं की बढ़ती रफ्तार का सीधा असर न्यूनतम तापमान पर पड़ेगा। रांची में तापमान गिरकर 12 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि गुमला और खूंटी में यह 10–11 डिग्री तक जाने की संभावना है।
शीतलहर और घना कोहरा
मौसम विभाग ने बताया कि शाम 5 बजे के बाद तेज शीतलहर चलेगी और सुबह के समय घने कोहरे की चादर छाई रहेगी, जो लगभग 7 बजे तक बनी रह सकती है। अभी तक सुबह हल्का कोहरा, दोपहर में धूप और शाम को हल्की ठंडी हवा का सुहावना मौसम रहा, लेकिन अब लोगों को असली ठंड झेलनी पड़ेगी।
पिछले 24 घंटे का तापमान
पिछले 24 घंटों में चाईबासा सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 30 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, गुमला में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री रहा। मौसम के इस पैटर्न से संकेत मिल रहा है कि आने वाले दिनों में ठंड और भी बढ़ सकती है।













