KhabarMantra: रांची जिले के अनगड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत मिलन चौक पर स्थापित शहीद लांस नायक राजकुमार महतो की प्रतिमा को अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त कर दिया गया है। घटना 8 मई की रात की बताई जा रही है। यह प्रतिमा शहीद की स्मृति में उनके गांव मासु और आस-पास के समाज द्वारा स्थापित की गई थी, जो वर्षों से सम्मान और प्रेरणा का प्रतीक रही है।
शहीद की पत्नी जया प्रभा महतो ने अनगड़ा थाना में एक लिखित आवेदन देकर इस घटना को लेकर गहरी नाराजगी व्यक्त की है और FIR दर्ज कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने अपने आवेदन में आशंका जताई है कि यह कृत्य कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा जानबूझकर किया गया है, जो शहीदों के सम्मान और सामाजिक सौहार्द को ठेस पहुंचाने की मंशा रखते हैं।

लांस नायक राजकुमार महतो भारतीय सेना की 12 JAT यूनिट में कार्यरत थे और ऑपरेशन रक्षक के दौरान 4 जून 2004 को देश की सेवा करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए थे।
इस घटना से न सिर्फ परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र में आक्रोश है। लोगों की मांग है कि दोषियों की जल्द से जल्द पहचान कर उन पर सख्त कार्रवाई की जाए। प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन मामले की जांच की बात कही जा रही है।













