Ranchi: राजधानी Ranchi के कोकर स्थित Samford Hospital में मरीज के परिजनों और अस्पताल कर्मियों के बीच कथित मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी और दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस होती दिखाई दे रही है।
जानकारी के अनुसार, मोराबादी निवासी 55 वर्षीय सरोज देवी को 5 जून को गंभीर स्थिति में सैमफोर्ड अस्पताल के क्रिटिकल केयर यूनिट (MICU) में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि इलाज के दौरान अस्पताल प्रबंधन ने लगातार बढ़ते बिल को लेकर दबाव बनाया और उपचार से जुड़ी पर्याप्त जानकारी नहीं दी। परिजनों का कहना है कि 12 जून तक अस्पताल का बिल करीब पांच लाख रुपये तक पहुंच गया था। उनका आरोप है कि इलाज में लापरवाही बरती गई और प्रबंधन की ओर से मनमाना रवैया अपनाया गया।
वहीं, अस्पताल प्रबंधन का पक्ष इससे अलग है। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, मरीज के इलाज का खर्च बीमा या अन्य माध्यम से स्वीकृत कराने के लिए परिजनों को अनुमानित बिल उपलब्ध कराया गया था। प्रबंधन का दावा है कि मरीज के इलाज में किसी तरह की कोताही नहीं बरती गई और अस्पताल की ओर से बातचीत के लिए परिजनों को प्रबंधन कक्ष में आने का आग्रह किया गया था।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, इसी दौरान कुछ लोग आक्रोशित हो गए और अस्पताल कर्मियों के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी। आरोप है कि डॉक्टरों और स्टाफ के साथ अभद्र व्यवहार भी किया गया, जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
बताया जा रहा है कि हंगामे में शामिल कुछ लोग मरीज के परिचितों के साथ आए थे। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक तौर पर कोई पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल, वायरल वीडियो के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। घटना को लेकर अस्पताल प्रबंधन और परिजनों की ओर से अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं। पुलिस की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि विवाद की शुरुआत कैसे हुई और मारपीट के लिए जिम्मेदार कौन था।
गौरतलब है कि सैमफोर्ड अस्पताल में मरीजों और परिजनों के साथ विवाद का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी अस्पताल में मरीज की मौत के बाद हंगामे और मारपीट के आरोप सामने आ चुके हैं।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








