National News: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उप कप्तान स्मृति मंधाना और म्यूजिक डायरेक्टर पलाश मुछाल की शादी, जो आज होने वाली थी, फिलहाल टल गई है। यह शादी महाराष्ट्र के सांगली में आयोजित की जानी थी, लेकिन स्मृति मंधाना के पिता की तबीयत खराब होने के कारण अब शादी की तारीख आगे बढ़ा दी गई है। इस बारे में आधिकारिक जानकारी उनकी मैनेजमेंट टीम के तुहिन मिश्रा ने दी।
संगीत में दिखी स्मृति की स्पेशल परफॉर्मेंस
सांगली के समडोली रोड स्थित मंधाना फार्महाउस में हाल ही में प्री-वेडिंग फंक्शन्स हुए थे। इनमें सबसे ज्यादा चर्चा उनकी संगीत सेरेमनी की रही, जिसमें स्मृति मंधाना ने पलाश मुछाल के लिए एक स्पेशल डांस परफॉर्म किया। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है और फैंस उनकी इस खूबसूरत परफॉर्मेंस की खूब तारीफ कर रहे हैं। परिवार के सदस्य, करीबी दोस्त और टीम इंडिया की महिला क्रिकेटर्स भी इन आयोजनों में मौजूद रही थीं।
Read more- जमशेदपुर में कोरल तस्करी का पर्दाफाश, 4 तस्कर गिरफ्तार, 3 KG सफेद कोरल बरामद
DY पाटिल स्टेडियम में पलाश का रोमांटिक प्रपोजल
पलाश मुछाल ने स्मृति को बेहद खास और अनोखे अंदाज में प्रपोज किया था। वे स्मृति को ब्लाइंडफोल्ड कर नवी मुंबई के DY पाटिल स्टेडियम ले गए. वही स्टेडियम जहां स्मृति ने भारत को विश्व कप जीत दिलाई थी। वहीं पलाश ने उन्हें प्रपोज किया और इसके बाद उन्होंने अपने हाथ पर ‘SM18’ (स्मृति के इनिशियल्स और जर्सी नंबर) का टैटू बनवाकर अपने प्यार का इजहार किया। यह टैटू फैंस के बीच भी खूब चर्चा में है।
शादी को लेकर फैन्स में था जबरदस्त उत्साह
सांगली में तैयार किया गया वेडिंग वेन्यू सोशल मीडिया पर पहले से ही वायरल हो रहा था और फैंस इस शादी का बेसब्री से इंतज़ार कर रहे थे। अब शादी टलने की खबर आने के बाद भी लोग सोशल मीडिया पर स्मृति के पिता की जल्द सेहत में सुधार की कामना कर रहे हैं।
2019 में शुरू हुई थी दोनों की कहानी
स्मृति मंधाना और पलाश मुछाल की पहली मुलाकात 2019 में मुंबई में एक साझा दोस्त के माध्यम से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों की दोस्ती प्यार में बदल गई और अपना रिश्ता करीब पाँच साल तक प्राइवेट रखने के बाद 2024 में दोनों ने इसे सार्वजनिक किया।
6 साल की लंबी रिलेशनशिप के बाद दोनों शादी के बंधन में बंधने जा रहे थे, लेकिन अब यह समारोह थोड़े समय के लिए स्थगित कर दिया गया है।













