Dhanbad: बिहार कोलियरी कामगार यूनियन के क्षेत्रीय अध्यक्ष आगम राम के साथ यूनियन प्रतिनिधि मंडल मजदूरों की समस्याओं को लेकर लखीमाता कोलियरी के अभिकर्ता से मिलने गए। शुक्रवार को जब वे अपनी बात रखने गए, तो अभिकर्ता केआरपी सिंह ने यूनियन के पदाधिकारी के साथ दुर्व्यवहार किया, जिससे मजदूर भड़क उठे और अभिकर्ता के कार्यालय के समक्ष धरना पर बैठ गए।
मजदूरों का कहना था कि खदान के अंदर अत्यधिक गर्मी है और सुरक्षा का कोई ठोस प्रबंध नहीं है। इसके अलावा, अभिकर्ता कभी भी खदान का दौरा नहीं करते, जिससे वे मजदूरों की वास्तविक समस्याओं से अनजान रहते हैं।
धरने के बाद मुगमा क्षेत्र के क्षेत्रीय उप कार्मिक प्रबंधक बाबूलाल पांडे मौके पर पहुंचे और यूनियन नेताओं से बातचीत की। अभिकर्ता द्वारा पूरे मामले पर खेद प्रकट किए जाने के बाद मजदूर शांत हुए और धरना समाप्त कर दिया।
यूनियन क्षेत्रीय अध्यक्ष आगम राम ने बताया कि उसी दिन लखीमाता कोलियरी में बीसीकेयू की नवनिर्वाचित क्षेत्रीय कमेटी का स्वागत समारोह भी हुआ, जिसमें आगामी 9 जुलाई को कोल इंडिया की आम हड़ताल को सफल बनाने का आह्वान किया गया।
धरने का नेतृत्व क्षेत्रीय सचिव रामजी यादव, अमित मुखर्जी, लालू ओझा, हरे राम, उत्तम कर और मागन बाउरी कर रहे थे।













