Koderma: कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय अफरातफरी का माहौल बन गया जब एक निजी अस्पताल में एक युवक की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। मृतक की पहचान रहमत अंसारी के रुप में हुई है जो कि गझंडी गांव का रहने वाला था। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है।
अचानक सांस फूलने के बाद अस्पताल में भर्ती किया था
परिजनों के अनुसार, रहमत फुटबॉल खेलकर घर लौटा था। इसके बाद अचानक उसकी सांस फूलने लगी। परिजन उसे सुबह करीब 11:30 बजे तिलैया स्थित जयप्रकाश हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। आरोप है कि अस्पताल में युवक को इंजेक्शन दिया गया और सिटी स्कैन कराया गया।
परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया
परिजनों का कहना है कि सिटी स्कैन के बाद रहमत की हालत अचानक बिगड़ गई। उसकी स्थिति गंभीर होने पर उन्होंने नर्स से ऑक्सीजन लगाने की मांग की। आरोप है कि नर्स ने डॉक्टर के आने और रिपोर्ट देखने के बाद ऑक्सीजन लगाने की बात कही। इसी दौरान कुछ ही देर में युवक की मौत हो गई।
मौत के बाद परिजन आक्रोशित हो गए और अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन पर गलत इलाज और लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुआवजे की मांग की।
पुलिस ने लोगों को समझाकर स्थिति शांत कराई
सूचना मिलने पर तिलैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से मामले की जानकारी ली। पुलिस ने लोगों को समझाकर स्थिति शांत कराई। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल अस्पताल प्रबंधन का पक्ष सामने नहीं आया है। इलाज में लापरवाही का आरोप जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









